धमतरी। जिले के बीरगुड़ी वन परिक्षेत्र के जंगल में वन्य जीवों के शिकार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में चार युवक दुर्लभ प्रजाति के गोह सांप सहित अन्य वन्य जीवों का शिकार करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आते ही वन विभाग हरकत में आया और जांच के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सभी आरोपी कांकेर जिले के नरहरपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रशासन के अनुसार आरोपियों ने बीरगुड़ी वन परिक्षेत्र में वन्य जीवों का शिकार कर उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था।
गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम भनसुली (तहसील नरहरपुर, जिला कांकेर) के विनोद कुमार टेकाम, घसिया, प्रदीप नेताम, शैलेन्द्र कुमार यादव एवं शिवानंद मरकाम शामिल हैं। इन आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है। जिला प्रशासन का कहना है कि वन्य जीवों के शिकार और ऐसे मामलों में कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
