सक्ती। जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के सेंदुरस गांव में पति-पत्नी हत्याकांड और लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों समेत लूट का माल खरीदने वाले एक सराफा व्यापारी को गिरफ्तार किया गया है।जांच में यह भी सामने आया है कि यही दोनों आरोपी वर्ष 2024 में मुक्ता गांव में हुए चर्चित डबल मर्डर केस में भी शामिल थे।
जानकारी के अनुसार, 2 और 3 जून 2026 की दरमियानी रात सेंदुरस गांव में घर के बरामदे में सो रहे पुरुषोत्तम खुंटे और उनकी पत्नी गुहारिन बाई खुंटे की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन भी गायब मिले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, एएसपी पंकज पटेल, एसडीओपी भुवनेश्वरी पैंकरा, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को जांच में लगाया गया।
मोबाइल टावर डंप, कॉल डिटेल और सीईआईआर पोर्टल की मदद से पुलिस आरोपी देवकुमार यादव तक पहुंची, जिसके पास से मृतक का मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपने साथी रूपचरण यादव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। दोनों आरोपी पंडरीपानी गांव के रहने वाले हैं। ,
आरोपियों ने बताया कि मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर मृतक से विवाद हुआ था। इसी रंजिश में उन्होंने स्केल पट्टी से दरवाजा खोलकर घर में प्रवेश किया और सो रहे दंपती के सिर व चेहरे पर लोहे की रॉड से कई वार कर हत्या कर दी। इसके बाद सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए। पुलिस ने रूपचरण के घर से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, खून से सने कपड़े और 74 हजार रुपए बरामद किए। वहीं लूटे गए आभूषण जैजैपुर के खिलेश्वर ज्वेलर्स संचालक बाबूलाल साहू को 84 हजार रुपए में बेचे गए थे। पुलिस ने बाबूलाल साहू को भी गिरफ्तार कर आभूषण बरामद कर लिए हैं।
