IPL 2026 Playoffs Schedule: इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के 19वें सीजन के प्लेऑफ्स के शेड्यूल का ऐलान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने कर दिया है। बेंगलुरु से आईपीएल के फाइनल की मेजबानी छिन हई है। पारंपरिक रूप से आईपीएल के फाइनल की मेजबानी मौजूदा चैंपियन टीम के पास होती है, लेकिन राजनीतिक कारणों की वजह से बेंगलुरु ने फाइनल की मेजबानी के आधिकार खो दिए हैं। अब आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके अलावा दो और शहरों में आईपीएल के प्लेऑफ्स के मुकाबले खेले जाएंगे। इसकी जानकारी भी आधिकारिक तौर पर बीसीसीआई ने दे दी है।
बीसीसीआई ने बुधवार 6 मई को दोपहर को इस बात की आधिकारिक जानकारी दी है कि धर्मशाला में पहला क्वालीफायर खेला जाएगा, जबकि एलिमिनेटर और दूसरा क्वालीफायर मैच न्यू चंडीगढ़ में आयोजित होगा। वहीं, आईपीएल 2026 के फाइनल की मेजबानी अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम करेगा। इसके अलावा डेट्स भी इन मुकाबलों की जारी हो गई हैं कि कौन सा मुकाबला किस दिन और कहां खेला जाएगा?
प्लेऑफ्स के शेड्यूल के मुताबिक, मंगलवार 26 मई को धर्मशाला के एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में पहला क्वालीफायर खेला जाएगा। इसको जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी और हारने वाली टीम क्वालीफायर 2 में जाएगी। वहीं, अगले दिन यानी बुधवार 27 मई को न्यू चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को जीतने वाली टीम क्वालीफायर 2 में क्वालीफायर 1 को हारने वाली टीम से भिड़ेगी, जबकि एलिमिनेटर हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
आईपीएल 2026 का दूसरा क्वालीफायर शुक्रवार 29 मई को न्यू चंडीगढ़ में ही आयोजित होगा। वहीं, आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार 31 मई को खेला जाएगा। क्वालीफायर 1 की विजेता और क्वालीफायर 2 की विजेता टीम की टक्कर फाइनल में होगी। आपको बता दें, क्वालीफायर 1 उन टीमों के बीच खेला जाता है, जो लीग फेज के बाद पॉइंट्स टेबल में नंबर एक और नंबर दो पर रहती हैं, जबकि एलिमिनेटर में नंबर 3 और नंबर 4 की टीम भिड़ती हैं। इस तरह पॉइंट्स टेबल में टॉप 2 में रहने पर आपको दो मौके प्लेऑफ्स में पहुंचने के मिलते हैं। इसलिए टॉप 4 से ज्यादा टॉप 2 के लिए भी लड़ाई होती है।
IPL 2026 प्लेऑफ्स का शेड्यूल
क्वालीफायर 1 – मंगलवार 26 मई – HPCA स्टेडियम, धर्मशाला
एलिमिनेटर – बुधवार 27 मई – न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़
क्वालीफायर 2 – शुक्रवार 29 मई – न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़
फाइनल – रविवार 31 मई – नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद
आमतौर पर आईपीएल के प्लेऑफ्स के मुकाबले दो शहरों में खेले जाते हैं, लेकिन बीसीसीआई ने इस बार स्पेशल केस का हवाला देकर तीन शहरों में इसका आयोजन करने का फैसला किया है। अभी तक क्वालीफायर 1 और एलिमिनेटर मैच एक मैदान पर, जबकि क्वालीफायर 2 और फाइनल दूसरे मैदान पर खेला जाता था, लेकिन इस बार क्वालीफायर 1 अलग, एलिमिनेटर और क्वालीफायर 2 अलग और फाइनल अलग मैदान पर खेला जाएगा। यहां तक कि बोर्ड ने यह भी जानकारी दी है कि बेंगलुरु से मेजबानी क्यों छिनी?
बीसीसीआई ने अपनी मीडिया रिलीज में बताया, “कुछ ऑपरेशनल और लॉजिस्टिक वजहों से, IPL 2026 प्लेऑफ्स के मुकाबले इस सीजन में तीन जगहों पर एक स्पेशल केस के तौर पर कराए जाएंगे। बेंगलुरु को शुरू में फाइनल होस्ट करने के लिए चुना गया था, लेकिन लोकल एसोसिएशन और अधिकारियों की कुछ जरूरतों की वजह से, जो BCCI की तय गाइडलाइंस और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर थीं। इसलिए फाइनल की जगह बदल दी गई है और उसे फिर से असाइन कर दिया गया है।”
