एसीसी एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में इंडिया ए और यूएई ए के बीच अहम मुकाबला खेला जा रहा है। दोहा के यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी ग्राउंड पर खेले जा रहे इस मैच में यूएई ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 249 रन बनाए हैं। ऐसे में भारतीय टीम को सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए 250 रन का लक्ष्य हासिल करना होगा।
हरप्रीत भाटिया ने खेली 130 रनों की शानदार पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएई ए की शुरुआत कुछ खास नहीं रही, लेकिन भारतीय मूल के बल्लेबाज हरप्रीत भाटिया ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने 130 रनों की जुझारू शतकीय पारी खेली। उनके अलावा कप्तान बासिल हमीद ने 36 रन, मुहम्मद शहदाद ने 28 रन और एथन डिसूजा ने 25 रनों का योगदान दिया। यूएई ए के बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
अरशद खान ने झटके 4 विकेट
भारतीय गेंदबाजों की बात करें तो अरशद खान सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, हर्ष दुबे और हर्षित राणा को 1-1 विकेट मिला। भारतीय गेंदबाजों ने यूएई ए को 249 रनों पर रोकने में अहम भूमिका निभाई।
अब तक तीन टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं
एसीसी एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में अब तक तीन टीमें अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। इनमें पाकिस्तान ए, श्रीलंका ए और बांग्लादेश ए की टीमें शामिल हैं। भारतीय टीम अभी अंतिम चार में नहीं पहुंची है।
ऐसे में यूएई ए के खिलाफ यह मुकाबला इंडिया ए के लिए बेहद अहम है। अगर भारतीय टीम 250 रनों का लक्ष्य हासिल करने में सफल रहती है, तो वह भी सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी।
इंडिया ए और यूएई ए की प्लेइंग-11
इंडिया ए: तिलक वर्मा (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, हर्ष दुबे, हर्षित राणा और अरशद खान।
यूएई ए: आर्यांश शर्मा, अंश टंडन, हरप्रीत सिंह भाटिया, मुहम्मद शहदाद, एम. आफताब आलम (विकेटकीपर), बासिल हमीद (कप्तान), एथन डिसूजा, उद्दिश सूरी, इबरार अहमद, सिमरनजीत सिंह और जाहिद अली।
