PM मोदी ने फिर उठाया शक्ति के अपमान और राम मंदिर का मामला

मुख्य समाचार राष्ट्रीय

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पीलीभीत की रैली में विपक्ष खासकर कांग्रेस और सपा पर जमकर हमला बोला। नवरात्रि के पहले दिन पीएम मोदी ने एक बार फिर शक्ति के अपमान का मामला उठाया। साथ ही राम मंदिर का जिक्र भी किया। उन्‍होंने कहा कि राममंदिर गए लोगों को विपक्षी दलों ने पार्टी से निकाल दिया। पीएम मोदी ने कहा कि पीलीभीत में मां यशवंती का आशीष है। आदि गंगा गोमती का उद्गम स्थल है। मैं देश को याद दिला रहा हूँ कि कैसे इंडी गठबंधन ने शक्ति को खत्म करने की सौगंघ खाई है। कांग्रेस ने शक्ति का अपमान किया है। जिस शक्ति के सामने हम शीश झुकाते है, उसे यह उखाड़ने की बात करते है। शक्ति का कोई उपासक इनको माफ नहीं करेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि सारी दुनिया की मुश्किलों के बीच भारत ये दिखा रहा है कि उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है। भारत जब दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती आर्थिक ताकत बना तो आपको गर्व हुआ। हमारे चंद्रयान ने जब चांद पर तिरंगा फहराया तब आपको गर्व हुआ। भारत में हुए जी-20 सम्मेलन की पूरे विश्व में प्रशंसा हुई। कभी कांग्रेस सरकारें दुनिया से मदद मांगती थी। लेकिन कोविड में भारत ने पूरी दुनिया में वैक्सीन और दवाइयां भेजी ये सुनकर आपको गर्व हुआ…विश्व में कहीं भी युद्ध का संकट आया हम वहां से एक-एक भारतीय को सुरक्षित वापस लाए। जब देश मज़बूत होता है तो दुनिया उसकी सुनती है।

उन्‍होंने कहा कि भाजपा सरकार ने दिखा दिया कि भारत किसी से कम नहीं है। जब नीयत सही होती है और हौसले बुलंद होते हैं तब नतीजे भी सही मिलते हैं। आज हम चारों तरफ विकसित भारत का निर्माण होते देख रहे हैं। कहीं चार,छह और आठ लेन के हाइवे बन रहे हैं, कहीं वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेन चल रही हैं…पुरानी सरकारों दे दौरान जो फैक्ट्रियां यहां बंद हो गई थी उन्हें भी नई ऊर्जा मिली है। पीएम ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस के समय 14 साल में जितने पैसे गन्ना किसानों को मिले थे उससे ज्यादा पैसे योगी सरकार ने 7 साल में गन्ना किसानों को दे दिए हैं। उन्‍होंने कहा कि गांव की हमारी 3 करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बनेंगे। ये मोदी की गारंटी है। पक्के घर, हर घर नल जैसी सुविधा हर परिवार तक पहुंचे ये मोदी की गारंटी है और आप जानते हैं मोदी की गारंटी यानी हर गारंटी पूरा होने की गारंटी है।

इसके पहले सीएम योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी का पीलीभीत की रैली में स्वागत किया। पहली बार तराई के इस शहर में आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 56 इंच की बांसुरी भेंट की गई। इस बांसुरी को हिना परवीन ने तैयार किया है। पीलीभीत का बांसुरी उद्योग देश-विदेश में प्रसिद्ध है। योगी सरकार ने बांसुरी उद्योग को एक जिला एक उत्पाद योजना में शामिल करके नई पहचान दी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *