दिल्ली सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘पीएम सूर्य घर योजना’ के तहत ‘दिल्ली सोलर पोर्टल’ लॉन्च किया। इस पोर्टल के जरिए दिल्ली के बिजली उपभोक्ता अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार 3 किलोवाट तक क्षमता वाले सोलर पैनल लगाने का पूरा खर्च वहन करेगी। यानी पात्र बिजली उपभोक्ताओं को इस क्षमता तक के सोलर पैनल लगवाने के लिए अपनी ओर से खर्च नहीं करना होगा। सरकार ने 3 किलोवाट से अधिक क्षमता वाले सोलर पैनल लगवाने वाले उपभोक्ताओं के लिए भी सब्सिडी का प्रावधान किया है। ऐसे मामलों में दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार मिलकर अधिकतम 1.56 लाख रुपये तक की सब्सिडी देंगी।
2.25 लाख घरों में लगेंगे सोलर पैनल
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर 2.25 लाख घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। सरकार का कहना है कि इस पहल से राजधानी में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा मिलेगा और सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को विस्तार देने में मदद मिलेगी।
पिछली सरकारों पर साधा निशाना
इस दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें मुफ्त की चीजों की राजनीति में लगी रहती थीं, जबकि मौजूदा सरकार विकास की राजनीति कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ दिल्ली में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
3 किलोवाट तक का सोलर पैनल मुफ्त
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार 3 किलोवाट क्षमता तक के सोलर पैनल लगाने का पूरा खर्च उठाएगी। इसके लिए पात्र उपभोक्ताओं को अपनी ओर से कोई राशि खर्च नहीं करनी होगी।
3 किलोवाट से ज्यादा क्षमता पर 1.56 लाख तक सब्सिडी
वहीं, 3 किलोवाट से अधिक क्षमता के सोलर पैनल लगवाने पर केंद्र और दिल्ली सरकार की ओर से मिलकर अधिकतम 1.56 लाख रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार और दिल्ली सरकार की ओर से 78 हजार रुपये शामिल होंगे। सब्सिडी से अधिक होने वाली लागत उपभोक्ता को खुद वहन करनी होगी।
पहले रजिस्ट्रेशन कराने वालों को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार 2.25 लाख घरों की छतों पर मुफ्त सोलर पैनल लगाने की योजना पर काम करेगी। पैनल का आवंटन ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा। यानी जो उपभोक्ता पहले रजिस्ट्रेशन कराएंगे, उन्हें प्राथमिकता मिलेगी।
क्या है पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना?
‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ केंद्र सरकार की प्रमुख रूफटॉप सोलर योजना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे फरवरी 2024 में लॉन्च किया था। योजना का उद्देश्य देशभर में घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने को बढ़ावा देना और लोगों को सौर ऊर्जा के जरिए बिजली उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत केंद्र सरकार ने एक करोड़ घरों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। योजना के जरिए पात्र परिवारों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इससे घरेलू बिजली खर्च कम करने के साथ-साथ देश में स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर जोर है।
