चुलबुल पांडे आ रहे हैं वापस! Salman Khan ने ‘Dabangg 4’ को लेकर किया बड़ा ऐलान

मनोरंजन मुख्य समाचार

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। अभिनेता ने अपनी सुपरहिट फिल्म फ्रेंचाइजी ‘दबंग’ के चौथे पार्ट को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। सलमान ने साफ कर दिया है कि ‘दबंग 4’ जरूर बनेगी। वहीं, साल 2015 में रिलीज हुई फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ के सीक्वल का इंतजार कर रहे दर्शकों को निराशा हो सकती है। सलमान खान का मानना है कि इस फिल्म की भावनात्मक कहानी को दोबारा उसी अंदाज में पर्दे पर लाना आसान नहीं है।

शुक्रवार को आयोजित एबीपी समिट में सलमान खान ने अपनी फिल्मों और उनके सीक्वल को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा कीं। इस दौरान उनसे ‘बजरंगी भाईजान’, ‘किक’ और ‘टाइगर’ जैसी फिल्मों के अगले पार्ट को लेकर सवाल किया गया।

इस पर अभिनेता ने कहा कि ‘दबंग’ का अगला पार्ट जरूर आएगा, क्योंकि इस फ्रेंचाइजी पर उनका नियंत्रण है। हालांकि, बाकी फिल्मों के सीक्वल को लेकर फैसला उनके संबंधित निर्माताओं के हाथ में है।

सलमान खान ने ‘दबंग 4’ को लेकर कहा, ‘दबंग तो पक्का आएगी, क्योंकि दबंग हमारे हाथ में है। बाकी फिल्में उनके हाथ में हैं।’

उनके इस बयान के बाद चुलबुल पांडे को एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखने की उम्मीद कर रहे फैंस के चेहरे खिल गए हैं।

हालांकि, फिल्म की शूटिंग या रिलीज डेट को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इससे पहले भी सलमान संकेत दे चुके हैं कि चौथे पार्ट पर काम तभी आगे बढ़ेगा, जब वह और अरबाज खान ऐसी कहानी पर सहमत होंगे जो दोनों को पसंद आए।

क्यों नहीं बनेगी ‘बजरंगी भाईजान 2’?

सलमान खान ने ‘बजरंगी भाईजान 2’ को लेकर भी अपनी राय रखी। अभिनेता के मुताबिक, पहली फिल्म की भावनात्मक गहराई और दर्शकों के साथ उसके जुड़ाव को दोबारा दोहराना आसान नहीं है।

उन्होंने कहा कि अगर दूसरी फिल्म बनाई जाती है तो उसकी तुलना पहली फिल्म से जरूर होगी। ऐसे में दर्शकों को दूसरी कहानी उतनी पसंद नहीं आई तो फिल्म के प्रभाव पर असर पड़ सकता है।

सलमान का मानना है कि ‘बजरंगी भाईजान’ जैसी फिल्म की भावनाओं और कहानी के साथ दोबारा प्रयोग करना सही नहीं होगा। इसलिए फिलहाल वह इस फिल्म का सीक्वल बनाने के पक्ष में नहीं हैं।

एबीपी समिट के दौरान सलमान खान ने अपनी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को लेकर भी बातचीत की। फिल्म से दर्शकों की उम्मीदों के सवाल पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि फिल्म इस इरादे से नहीं बनाई गई है कि रिलीज होकर फ्लॉप हो जाए। उनकी इच्छा है कि दर्शक सिनेमाघरों में फिल्म देखें और उन्हें इसकी कहानी पसंद आए।

सलमान ने फिल्म की तुलना अपनी साल 2015 की सुपरहिट फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ से भी की। उन्होंने बताया कि ‘मातृभूमि’ की कहानी सीमा पर हुई एक घटना और उससे सैनिकों के परिवारों पर पड़ने वाले भावनात्मक प्रभाव पर आधारित है।

सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी।

फिल्म की कहानी साल 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प से प्रेरित है। सलमान इसमें भारतीय सेना के अधिकारी कर्नल बी. संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं। पहले इस फिल्म का नाम ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *