रसायन विज्ञान के नोबेल पुरस्कार का ऐलान कर दिया गया है। रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज के महासचिव हैंस एलेग्रेन ने बुधवार को रसायन विज्ञान के नोबेल पुरस्कार की घोषणा की। इस वर्ष 3 वैज्ञानिकों सुसुमु कितागावा, रिचर्ड रॉब्सन और उमर एम याघी को इस सम्मान से नवाजा जाएगा। उन्हें मेटल ऑर्गेनिक स्ट्रक्चर के विकास में उनके कार्यों के लिए नोबेल से सम्मानित किया जा रहा है। नोबेल समिति ने कहा कि तीनों वैज्ञानिकों ने मॉलिक्युलर ढांचे का एक नया प्रारूप विकसित किया है।
विजेता 88 वर्षीय रॉब्सन ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न विश्वविद्यालय, 74 वर्षीय कितागावा जापान के क्योटो विश्वविद्यालय और 60 वर्षीय याघी कैलिफ़ोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले से संबंध रखते हैं। इन वैज्ञानिकों ने अलग-अलग काम करते हुए, 1989 से चले आ रहे अनुसंधान में एक-दूसरे की सफलताओं को जोड़ते हुए, स्टेबल मेटल ऑर्गेनिक ढांचे बनाने के कई तरीके ईजाद किए। ये ढांचे अपने अंदर गैसों को एब्जॉर्ब कर सकते हैं। आज के युग में यह तकनीक बेहद जरूरतमंद साबित हो सकती है, खासकर इनकी मदद से वायुमंडल से कार्बन डाइऑक्साइड को हटाने या शुष्क रेगिस्तानी हवा से पानी हटाने जैसे प्रयोग सफल हो सकते हैं।
हैरी पॉटर से क्या कनेक्शन?
रसायन विज्ञान के लिए नोबेल समिति के सदस्य ओलोफ रामस्ट्रोम ने तीनों की खोज को प्रसिद्ध ‘‘हैरी पॉटर’’ सीरीज में हारमोईन ग्रेंगर के जादुई हैंडबैग के समान बताया है, जो बाहर से दिखने में बहुत छोटा लगता था लेकिन अंदर से बहुत बड़ा था। हैरी पॉटर की फिल्मों में यह जादुई बैग आकर्षण का केंद्र था। जादू की मदद से यह बैग अंदर से असीमित रूप से बड़ा बना देता था, जिसमें अनगिनत चीजों को रखा जा सकता था।
चिकित्सा और भौतिकी के नोबेल का ऐलान
गौरतलब है कि इस साल के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की शुरुआत इस सप्ताह से हुई है। 2025 के पहले नोबेल पुरस्कार की घोषणा सोमवार को की गई। मैरी ई. ब्रुनको, फ्रेड रैमस्डेल और डॉ. शिमोन साकागुची को मानव प्रतिरोधक क्षमता से जुड़ी उनकी खोजों के लिए चिकित्सा का नोबेल दिया जाएगा। वहीं मंगलवार को जॉन क्लार्क, मिशेल एच. डेवोरेट और जॉन एम. मार्टिनिस को क्वांटम टनलिंग की दुनिया पर उनके शोध के लिए भौतिकी का नोबेल पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की गई।
पुरस्कार समारोह 10 दिसंबर को
इस क्रम में शांति के नोबेल पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को, वहीं अर्थशास्त्र के पुरस्कार की घोषणा अगले सोमवार को की जाएगी। पुरस्कार समारोह 10 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा जिस दिन नोबेल पुरस्कारों के संस्थापक और महान वैज्ञानिक अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि मनाई जाती है। डायनामाइट के आविष्कारक नोबेल का निधन इसी दिन 1896 में हुआ था।
