गर्मियों में आई एलर्जी और आंखों की समस्याएं बढ़ीं

मुख्य समाचार स्वास्थ्य

गर्मियों का मौसम आंखों के लिए कई तरह की परेशानियां लेकर आता है। तेज धूप, गर्म हवा, धूल-मिट्टी और बढ़ता प्रदूषण आंखों को नुकसान पहुंचा सकता है। यही वजह है कि इस मौसम में आई एलर्जी, ड्राई आई, आंखों में जलन और रेडनेस जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ने लगती हैं। कई लोग आंखों में खुजली, पानी आना या हल्की जलन को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन लगातार रहने वाले ये लक्षण किसी संक्रमण या गंभीर परेशानी का संकेत भी हो सकते हैं।

डॉ. श्रेया गुप्ता, कंसल्टेंट, ऑप्थेल्मोलॉजी (श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट, दिल्ली) के अनुसार, गर्मियों में UV किरणें और डिहाइड्रेशन आंखों की सुरक्षा परत को प्रभावित करते हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए इस मौसम में आंखों की सही देखभाल करना बेहद जरूरी है ताकि एलर्जी और इन्फेक्शन जैसी समस्याओं से बचा जा सके।
गर्मियों में होने वाली आम आई प्रॉब्लम्स

ड्राई आई सिंड्रोम: गर्मी और तेज हवा के कारण आंखों की नमी कम होने लगती है। इससे आंखों में सूखापन और जलन महसूस हो सकती है।
आई एलर्जी: धूल, प्रदूषण और पोलन के संपर्क में आने से आंखों में खुजली, लालपन और पानी आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
आई स्ट्रेन: मोबाइल, लैपटॉप और टीवी का ज्यादा इस्तेमाल आंखों को थका सकता है। इससे सिरदर्द और आंखों में भारीपन महसूस हो सकता है।
कंजंक्टिवाइटिस: गर्मियों में आंखों का संक्रमण तेजी से फैल सकता है। इसमें आंखें लाल हो जाती हैं और चिपचिपा डिस्चार्ज भी हो सकता है।

इन लक्षणों को भूलकर भी ना करें इग्नोर

आंखों में लगातार दर्द या तेज जलन
आंखों का लाल होना
आंखों में सूजन
चिपचिपा डिस्चार्ज
अचानक धुंधला दिखाई देना
रोशनी से चुभन (फोटोफोबिया) महसूस होना

आंखों की एलर्जी और संक्रमण के मुख्य कारण

धूल और प्रदूषण: धूल-मिट्टी आंखों को इरिटेट करती है और एलर्जिक रिएक्शन बढ़ा सकती है।
UV किरणें: तेज धूप और UV rays आंखों की सुरक्षा परत को कमजोर कर सकती हैं।
गंदे हाथों से आंख छूना: बार-बार आंखों को छूने से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है।
दूषित पानी: स्विमिंग पूल का क्लोरीन या गंदा पानी आंखों में जलन और इन्फेक्शन पैदा कर सकता है।

गर्मियों में आंखों को सुरक्षित रखने के आसान उपाय

धूप में निकलते समय सनग्लासेस पहनें
आंखों को बार-बार ना रगड़ें
चेहरा और आंखों को साफ रखें
ठंडे पानी से आंखें धोते रहें
गंदे हाथों से आंखों को ना छुएं
धूल और प्रदूषण से बचें
स्क्रीन टाइम कम करें
पर्याप्त पानी पिएं
डॉक्टर की सलाह से हाइड्रेटिंग आई ड्रॉप्स इस्तेमाल करें

डाइट में शामिल करें ये चीजें

गर्मी में हाई-वॉटर कंटेंट फूड्स आंखों के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। खीरा, ककड़ी, संतरा, तरबूज, आदि- ये शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं।

नोट: गर्मियों में आंखों की एलर्जी और संक्रमण की समस्या आम हो सकती है, लेकिन सही देखभाल और सावधानियों से इससे बचा जा सकता है। अगर आंखों में लगातार जलन, दर्द या धुंधलापन महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज ना करें और तुरंत डॉक्टर की सलाह लें।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *