भारतीय बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा देने वाली फिल्म ‘धुरंधर’ जापान में बुरी तरह पिट गई। रणवीर सिंह, संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी जैसे सितारों से सजी इस फिल्म को 10 जुलाई को मेकर्स ने जापान में रिलीज किया था। फिल्म को भारतीय बॉक्स ऑफिस पर जैसा रिस्पॉन्स मिला था, उसे देखते हुए प्रोड्यूसर्स की उम्मीदें काफी ज्यादा थीं, लेकिन जब फिल्म रिलीज हुई तो नतीजे काफी अलग रहे। ग्लोबल सक्सेस के विपरीत इस मूवी को जापान में कुछ खास रिस्पॉन्स नहीं मिला।
पहले दिन शो देखने पहुंचे सिर्फ 449 लोग
एक रिपोर्ट के मुताबिक प्रीमियर शो में सिर्फ 449 लोग इस फिल्म को देखने के लिए सिनेमाघरों में पहुंचे। हालांकि बाद में मेकर्स ने स्क्रीन्स की संख्या में इजाफा किया, लेकिन तब भी पूरे दिन खास टिकटें नहीं बिकीं। पूरे दिन शोज चलने के बाद भी कुल मिलाकर 900 लोगों ने भी यह मूवी नहीं देखी थी। कमाई के हिसाब से बात करें तो रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर उस दिन की टॉप 25 मूवीज में भी अपनी जगह नहीं बना पाई। मालूम हो कि ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म ने रिकॉर्ड तोड़ कमाई करके होश उड़ा दिए थे।
जापान में धुरंधर ने फेरा उम्मीदों पर पानी
फिल्म के दोनों पार्ट्स ने मिलकर 3 हजार करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था और यह ऐसा कारनामा कर पाने वाली पहली भारतीय फिल्म बन गई है। ग्लोबल ऑडियंस में इस फिल्म की तगड़ी पकड़ को ध्यान में रखते हुए मेकर्स उम्मीद कर रहे थे कि जापान में भी इसे काफी क्रेजी रिस्पॉन्स मिलेगा। लेकिन नतीजे बता रहे हैं कि वहां के कॉम्पटिशन को ध्यान में रखते हुए इस फिल्म को अपनी मार्केटिंग और प्रमोशन पर काफी मेहनत करनी पड़ेगी। लेकिन अब मेकर्स के पास वक्त बहुत कम है, क्योंकि फिल्म ऑलरेडी थिएटर्स में है।
इन फिल्मों ने जापान में कर दिया कमाल
ऐसा नहीं है कि जापानी ऑडियंस को भारतीय फिल्में पसंद नहीं हैं। कुछ मौके तो ऐसे भी रहे हैं जब किसी फिल्म ने भारत से ज्यादा जापान में कमाई की है। एसएस राजामौली की RRR से लेकर ‘साहो’ तक को जापान में काफी क्रेजी रिस्पॉन्स मिला था। सुपरस्टार आमिर खान की फिल्म सीक्रेट सुपरस्टार ने तो वहां कमाल ही कर दिया था। इसके विपरीत पुष्पा-2 वहां कुछ खास कमाई नहीं कर सकी। आदित्य धर के निर्देशन में बनी धुरंधर का भी हाल जापान में कुछ ऐसा ही नजर आ रहा है। लेकिन क्या आगे कमाई का ग्राफ चढ़ेगा? यह तो वक्त ही बताएगा।
