हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को दुनिया से विदा हुए एक साल हो गया है। 24 नवंबर 2025 को 89 साल की उम्र में उनका निधन हुआ था। उनकी पहली पुण्यतिथि पर पत्नी हेमा मालिनी ने उन्हें याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। इसके साथ उन्होंने धर्मेंद्र के साथ कुछ अनदेखी तस्वीरें भी शेयर कीं। हेमा के शब्दों में पति को खोने का दर्द साफ नजर आया। उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र उनके लिए सिर्फ जीवनसाथी नहीं, बल्कि दोस्त, मार्गदर्शक और सबसे बड़ा सहारा थे।
‘आप सिर्फ मेरे पति नहीं, मेरा पूरा अस्तित्व थे’
हेमा मालिनी ने अपने पोस्ट में लिखा कि धर्मेंद्र के जाने से उनकी जिंदगी में ऐसी कमी आ गई है, जिसे भर पाना आसान नहीं है। वह उनके दोस्त, मार्गदर्शक और ताकत थे। अभिनेत्री ने कहा कि धर्मेंद्र की अच्छाई, सादगी और लोगों के प्रति उनका प्यार हमेशा याद रहेगा। इतनी सफलता मिलने के बाद भी वह अपनी जड़ों से जुड़े रहे और हर किसी के साथ प्यार से पेश आते थे।
भगवद्गीता का जिक्र कर साझा किया अपना दर्द
हेमा ने अपने संदेश में भगवद्गीता की बात करते हुए लिखा कि आत्मा अमर है और उसका पुनर्जन्म होता है। वह इस आध्यात्मिक सच्चाई को मानती हैं, लेकिन इस जीवन में धर्मेंद्र की मौजूदगी को बहुत याद करती हैं। उनके मुताबिक, धर्मेंद्र के बिना जिंदगी बेहद खाली लगती है। इस पोस्ट के सामने आने के बाद फैंस भी भावुक हो गए और अभिनेता को याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
1980 में हुई थी धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की शादी
धर्मेंद्र और हेमा मालिनी ने साल 1980 में शादी की थी। दोनों की दो बेटियां ईशा देओल और अहाना देओल हैं। धर्मेंद्र ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार किरदार निभाए और हिंदी सिनेमा में खास पहचान बनाई। हेमा मालिनी ने अपने पोस्ट में उन सभी लोगों का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने धर्मेंद्र को याद किया और उनके लिए प्यार भरे संदेश भेजे। उन्होंने कहा कि फैंस के इन संदेशों से उन्हें इस मुश्किल वक्त में भावनात्मक सहारा मिला है।
