नई दिल्ली। ट्रेन से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। सफर के दौरान अपनी सीट पर ऑनलाइन खाना मंगाने की सुविधा का लाभ उठाने वाले यात्रियों को अब सावधान रहने की जरूरत है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने 14 अनऑथराइज्ड फूड डिलीवरी वेबसाइट्स की सूची जारी कर यात्रियों को इनसे दूरी बनाने की सलाह दी है। IRCTC ने चेताया है कि गैर-अधिकृत प्लेटफॉर्म से खाना ऑर्डर करने पर यात्रियों की सेहत, निजी जानकारी और पैसों को नुकसान पहुंच सकता है।
IRCTC के मुताबिक, कुछ अनधिकृत वेबसाइट्स ऐसे रेस्टोरेंट से खाना उपलब्ध कराती हैं, जिनके पास जरूरी फूड लाइसेंस नहीं होते या जो FSSAI के निर्धारित मानकों का पालन नहीं करते। ऐसे स्थानों पर साफ-सफाई और खाने की गुणवत्ता को लेकर लापरवाही हो सकती है। इसके अलावा खाना बनाने और डिलीवरी करने वाले कर्मचारियों की जरूरी स्वास्थ्य जांच नहीं होने से यात्रियों की सेहत पर भी खतरा पैदा हो सकता है।
ऑनलाइन पेमेंट और निजी जानकारी को लेकर भी खतरा
IRCTC ने यात्रियों को साइबर धोखाधड़ी के प्रति भी आगाह किया है। अनधिकृत वेबसाइट्स पर खाना बुक करते समय बैंक खाते की जानकारी, PNR नंबर, ईमेल आईडी और अन्य व्यक्तिगत विवरण साझा करने से इनके गलत इस्तेमाल का खतरा रहता है। इससे यात्री साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।
कई मामलों में यात्रियों को समय पर खाना नहीं मिलता या ऑर्डर अचानक रद्द कर दिया जाता है। ऐसी स्थिति में उचित कस्टमर सपोर्ट नहीं मिलने के कारण रिफंड हासिल करना भी मुश्किल हो जाता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी अनजान वेबसाइट पर भुगतान करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जरूर जांच लें।
IRCTC ने इन 14 वेबसाइट्स से दूर रहने की दी सलाह
IRCTC की ओर से जारी सूची में निम्नलिखित वेबसाइट्स शामिल हैं:
- RAILRESTRO.COM
- RAILRESTRO.IN
- RAILMITRA.COM
- TRAVELKHANA.COM
- TRAINSCAFE.COM
- DIBRAIL.COM
- RAILFOOD.NET
- TRAVELERFOOD.COM
- FOODONTRACK.IN
- ECATERING.APP
- KHANAONLINE.IN
- TRAINWAY.IN
- RAILMEAL.COM
- TRAINMENU.COM
IRCTC ने स्पष्ट किया है कि यह सूची कुछ प्रमुख अनधिकृत ऑपरेटरों की है। इसलिए यात्रियों को किसी भी अज्ञात या गैर-आधिकारिक प्लेटफॉर्म से खाना ऑर्डर करने से बचना चाहिए।
ट्रेन में इन तरीकों से मंगवा सकते हैं खाना
यात्री ट्रेन में खाना मंगाने के लिए IRCTC की आधिकारिक ई-कैटरिंग वेबसाइट ecatering.irctc.co.in पर जाकर अपना PNR नंबर दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से IRCTC का आधिकारिक ‘Food on Track’ मोबाइल ऐप डाउनलोड करके भी ऑनलाइन ऑर्डर किया जा सकता है।
यात्री चाहें तो IRCTC ई-कैटरिंग की हेल्पलाइन 1323 पर कॉल करके भी अपनी सीट पर भोजन मंगवा सकते हैं। इसके साथ ही Zomato, Swiggy, Zoop, RailYatri और RailRecipe जैसे IRCTC द्वारा अधिकृत पार्टनर्स की सेवाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे सफर के दौरान सुरक्षित और भरोसेमंद माध्यमों से ही भोजन बुक करें, ताकि ऑनलाइन ठगी और खराब गुणवत्ता वाले खाने से बचा जा सके।
