नई दिल्ली, विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज के पहले मैच में दमदार शतक जड़ा, जो वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में उनका 55वां शतक था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके शतकों की संख्या 86 हो गई है। वे अब 100 शतकों के बारे में भी सोच सकते हैं। इसके बारे में पूर्व क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे ने बात की है। 10 चौके और 9 छक्कों की मदद से नाबाद 139 रनों की पारी खेलने वाले विराट कोहली ने टीम इंडिया को आसानी से जीत दिला दी। इस पर रहाणे ने कहा है कि अगर वे 100 शतकों के बारे में सोचते हैं, इसमें कोई बुराई नहीं है। 100 शतकों का वर्ल्ड रिकॉर्ड उनके आदर्श सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है।
अजिंक्य रहाणे ने क्रिकबज पर कहा, “मुझे लगता है कि जब विराट कोहली खुद पर प्रेशर डालते हैं, तभी वह अपने बेस्ट फॉर्म में होते हैं। हर इनिंग में उन्होंने ऐसा किया है। उन्हें खुद से ऐसी उम्मीदें हैं। इसीलिए वह इतने सालों से लगातार ऐसा कर पाए हैं।” उन्होंने आगे कहा, “विराट को जानते हुए, अगर वह 100 सेंचुरी के बारे में सोचते हैं, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है, क्योंकि उनके रोल मॉडल सचिन तेंदुलकर रहे हैं। इसलिए, मुझे यकीन है कि वह इसके बारे में सोच रहे होंगे। अगर वह इसके बारे में सोचते हैं, तो केवल विराट कोहली ही इसे हासिल कर सकते हैं।”
माइलस्टोन के बारे में नहीं सोच रहे विराट
रहाणे ने अपनी बात रखते हुए आगे कहा, “कई बार हम सोचते हैं कि अगर कोई खिलाड़ी माइलस्टोन के बारे में सोच रहा है, तो इसका मतलब है कि वह मतलबी है, लेकिन जब विराट कोहली खुद पर प्रेशर डालता है, तभी वह अच्छा करता है। इसलिए, मुझे यकीन है कि उसके दिमाग में एक नंबर होगा, लेकिन साथ ही, उसके मन में यह भी होगा कि जब तक वह खेल रहा है, उसे गेम का मजा लेना है।”
पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे ने भले ही 100 शतकों वाली बात कही है, लेकिन विराट कोहली का नजरिया अब अलग है। वह एकदम खुलकर क्रिकेट खेलना चाहते हैं। उनका निशाना अब वर्ल्ड कप 2027 है। यही कारण है कि वह अब शतक भी छक्के से पूरा करने से चूक नहीं रहे। इस सीरीज से पहले विराट कोहली ने खुद बयान दिया है कि वे निडर क्रिकेट खेलना चाहते हैं। उन्होंने ऐसा किया भी है। हालांकि, प्लेयर ऑफ द मैच कुलदीप यादव को इस मैच में दिया गया, जिन्होंने 4 विकेट निकाले थे।
