हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। भारत ने मंगलवार को फाइनल में श्रीलंका को 147 रनों से रौंदा। भारत ने 216/3 का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद श्रीलंका को 15.4 ओवर में 69 रनों पर ढेर कर दिया। भारत के लिए स्मृति मंधाना ने सर्वाधिक 79 रन बनाए। उन्होंने 45 गेंदों में पांच चौके और सात सिक्स उड़ाए। ऋचा घोष ने 22 गेंदों में तूफानी अंदाज में नाबाद 49 रन जोड़े, जिसमें छह चौके और तीन सिक्स हैं। शेफाली वर्मा के बल्ले से 48 रन निकले। उन्होंने तीन छक्के और इतने ही चौके मारे। भारत ने अपनी पारी में कुल 13 छक्के लगाए। यह भारतीय महिला टीम की ओर से एक T20I पारी में ठोके गए सर्वाधिक सिक्स हैं।
भारत ने छक्के जड़ने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनया
वहीं, भारत ने छक्के जड़ने का एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया है। भारत महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में 100 छक्के जड़ने वाली पहली टीम बन गई है। भारत ने 2016 में अब तक 110 सिक्स जमाए हैं। भारत ने इससे पहले कैलेंडर ईयर में तीन बार पचास प्लस सिक्स लगाने का कमाल किया लेकिन कभी 70 का आंकड़ा पार नहीं किया था। भारत के बाद लिस्ट में सबसे ज्यादा छक्के उड़ाने वाली टीम साउथ अफ्रीका है। साउथ अफ्रीका ने मौजूदा साल में 77 छक्के ठोके हैं। पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम ने 2026 में 63 सिक्स लगाए हैं। पाकिस्तान ने एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट स्पर्धा में ब्रॉन्ज जीता। पाकिस्तान ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में बांग्लादेश को हराया।
महिला T20I में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के
110 – भारत (2026)
77 – साउथ अफ्रीका (2026)
67 – भारत (2018)
65 – भारत (2022)
63 – पाकिस्तान (2026)
60 – साउथ अफ्रीका (2018)
54 – बांग्लादेश (2026)
54 – भारत (2024)
54 – साउथ अफ्रीका (2024)
52 – श्रीलंका (2024)
गोल्ड मेडल जीतने के बाद क्या बोलीं हरमनप्रीत?
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने गोल्ड मेडल हासिल करने के बाद उम्मीद जताई कि उनकी टीम की जीत देश के लिए एशियन गेम्स 2026 में और अधिक स्वर्ण पदकों का रास्ता खोलेगी। यह भारत का मौजूदा एशियन गेम्स में पहला गोल्ड मेडल था। हरमनप्रीत ने पत्रकारों से कहा, ”स्वर्ण पदक जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है। हर खिलाड़ी का यह सपना होता है। हमारी टीम ने स्वर्ण पदकों का रास्ता खोल दिया है। भारत जितने अधिक स्वर्ण पदक जीतेगा, हमारे लिए उतना ही बेहतर होगा। ” उन्होंने आगे कहा, ”मेरे लिए और पूरी टीम के लिए यह बहुत बड़ी बात है कि हमने स्वर्ण पदक जीता। जब से हम यहां आए थे, हमारा सिर्फ एक लक्ष्य था, यहां से गोल्ड मेडल लेकर जाना। हम अपने तिरंगे को ऊंचा लहराते और राष्ट्रगान को बजते हुए देखना चाहते थे।”
