WhatsApp कल से बंद होने वाला है? पुराने Android फोन वाले तुरंत चेक करें अपना मोबाइल, जानें क्या करना होगा

मुख्य समाचार राष्ट्रीय

अगर आप काफी पुराना Android फोन इस्तेमाल कर रहे हैं और उसमें WhatsApp चला रहे हैं, तो आपके लिए यह खबर बेहद जरूरी है। WhatsApp ने पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम वाले फोन के लिए अपना सपोर्ट बदल दिया है। 8 सितंबर 2026 से WhatsApp केवल Android 6.0 या उससे नए वर्जन वाले फोन पर ही सपोर्ट करेगा। यानी Android 5.0 और Android 5.1 पर चलने वाले फोन अब WhatsApp के सपोर्ट से बाहर हो जाएंगे। खास बात यह है कि WhatsApp का यह बदलाव सिर्फ Android तक सीमित नहीं है। कंपनी ने iPhone यूजर्स के लिए भी एक तारीख तय की है। 30 नवंबर 2026 से WhatsApp चलाने के लिए iPhone में iOS 15.5 या उससे नया वर्जन होना जरूरी होगा।

ऐसे में अगर आपके पास पुराना स्मार्टफोन है, तो अभी अपने फोन का Android या iOS वर्जन चेक कर लेना बेहतर है। कुछ फोन में सॉफ्टवेयर अपडेट करके समस्या हल हो सकती है, लेकिन जिन डिवाइस को नया ऑपरेटिंग सिस्टम अपडेट नहीं मिलेगा, उनमें WhatsApp चलाने के लिए फोन बदलना पड़ सकता है। इसका सीधा मतलब है कि अगर आपका फोन Android 5 या Android 5.1 पर चल रहा है और उसमें नया Android अपडेट उपलब्ध नहीं है, तो WhatsApp आगे काम नहीं करेगा। कंपनी ऐसे पुराने डिवाइस पर नए फीचर्स और सिक्योरिटी जरूरतों को लगातार सपोर्ट करना मुश्किल मानती है।

सिर्फ WhatsApp अपडेट करने से नहीं चलेगा काम

यहां एक जरूरी बात समझना जरूरी है। अगर आपका फोन Android 5.0 या 5.1 पर है, तो केवल WhatsApp का नया APK या ऐप अपडेट इंस्टॉल करने से समस्या दूर नहीं होगी। असली जरूरत फोन के ऑपरेटिंग सिस्टम वर्जन की है। अगर आपके फोन के लिए Android 6 या उससे नया अपडेट उपलब्ध है, तो फोन को अपडेट करके WhatsApp का इस्तेमाल जारी रखा जा सकता है। लेकिन अगर स्मार्टफोन निर्माता ने उस डिवाइस के लिए आगे का एंड्रायड अपडेट ही जारी नहीं किया है, तो यूजर के पास नया फोन लेने के अलावा और कोई ऑप्शन नहीं बचेगा।

iPhone यूजर्स के लिए भी आया बड़ा अपडेट

Android के बाद iPhone यूजर्स को भी अपने फोन का सॉफ्टवेयर चेक करना होगा। WhatsApp के आधिकारिक सपोर्ट पेज के मुताबिक 30 नवंबर 2026 से iPhone में iOS 15.5 या उससे नया वर्जन जरूरी होगा। यानी अभी अगर किसी iPhone में iOS 15.0, 15.1, 15.2, 15.3 या 15.4 जैसा पुराना वर्जन है, तो यूजर को 30 नवंबर की डेडलाइन से पहले सॉफ्टवेयर अपडेट करना होगा। अगर फोन नए iOS वर्जन को सपोर्ट करता है, तो समस्या आसानी से दूर हो सकती है।

Android यूजर्स ऐसे चेक करें अपने फोन का वर्जन

अगर आप Android फोन इस्तेमाल करते हैं, तो फोन की Settings खोलें। इसके बाद About Phone या About Device में जाएं। यहां आपको Android वर्जन की जानकारी मिल जाएगी। अगर फोन में Android 6.0 या उससे नया वर्जन है, तो इस खास बदलाव की वजह से WhatsApp बंद नहीं होगा। वहीं Android 5.0 या 5.1 दिखने पर आपको फोन का अपडेट चेक करना चाहिए। फोन में Software Update का विकल्प खोलकर यह भी देख लें कि कोई नया सिस्टम अपडेट उपलब्ध है या नहीं।

iPhone यूजर्स ऐसे करें सॉफ्टवेयर चेक

iPhone में सॉफ्टवेयर वर्जन देखने के लिए Settings > General > About में जाकर iOS Version चेक किया जा सकता है। अगर फोन iOS 15.5 या उससे नया वर्जन चला रहा है, तो नवंबर की इस WhatsApp सपोर्ट डेडलाइन के लिहाज से वह ठीक है। अगर वर्जन इससे पुराना है, तो Settings > General > Software Update में जाकर नया अपडेट उपलब्ध है या नहीं, यह देख सकते हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *