मुंबई। ‘लगान’ और ‘गजनी’ जैसी फिल्मों में अपनी दमदार एक्टिंग से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाले मशहूर अभिनेता प्रदीप रावत का निधन हो गया है। वह 74 वर्ष के थे। उनके निधन की जानकारी अभिनेता यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी है।
बताया जा रहा है कि प्रदीप रावत लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनका इलाज पहले कोकिलाबेन अस्पताल में चल रहा था। बाद में उन्हें दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है।
टीवी से फिल्मों तक का शानदार सफर
प्रदीप रावत ने केवल बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि साउथ इंडस्ट्री की कई फिल्मों में भी अपनी अभिनय का छाप छोड़ा था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा के चर्चित टीवी धारावाहिक ‘महाभारत’ से की थी, जिसमें उन्होंने अश्वत्थामा का किरदार निभाया था।
यशपाल शर्मा ने जताया दुख
‘लगान’ में उनके सह-कलाकार रहे यशपाल शर्मा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर दुख जताते हुए लिखा, “हमारा ‘गजनी’, ‘लगान’ का देवा प्रदीप रावत अब नहीं रहा। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।”
