नयी दिल्ली, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने कहा है कि सरकार युवाओं के भविष्य और हितों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री नड्डा ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य और हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “पेपर लीक जैसी गंभीर चुनौती से निपटने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने का श्री मोदी का संकल्प, युवाओं के प्रति हमारी सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है।”
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि इसके विपरीत विपक्ष और उसके नेता श्री गांधी संसद में इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर सार्थक चर्चा करने से बच रहे हैं ।विपक्षी दल इसके बजाय सड़कों पर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत उनके गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार को दर्शाता है।
