सोशल मीडिया पर 5 महीने चला प्यार, मिलने पहुंचा तो खुला बड़ा राज! ‘थनवी’ नहीं निकला अमन, युवक से 65 हजार की ठगी

प्रादेशिक मुख्य समाचार

रायपुर। सोशल मीडिया पर प्यार का झांसा देकर ठगी करने का एक चौंकाने वाला मामला रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में सामने आया है। एक निजी अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करने वाला 23 वर्षीय युवक पांच महीने तक स्नैपचैट पर ‘थनवी साहू’ नाम की युवती से बातचीत करता रहा। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने का भरोसा बना तो युवती ने घरेलू और निजी परेशानियों का हवाला देकर अलग-अलग किस्तों में उससे 65 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। बाद में जब युवक उससे मिलने उसके बताए गांव पहुंचा, तब पता चला कि उसकी कथित गर्लफ्रेंड कोई युवती नहीं, बल्कि अमन साहू नाम का युवक था, जिसने फर्जी आईडी बनाकर उसे प्रेमजाल में फंसाया था।

पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से बिलासपुर निवासी घनश्याम साहू इन दिनों मोवा की दुबे कॉलोनी में रहकर एक अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट का काम करता है।
उसकी शिकायत के अनुसार कुछ समय बाद जब ‘थनवी’ का मोबाइल बंद हो गया तो घनश्याम उससे मिलने उसके बताए पते ग्राम बासीन (गरियाबंद) पहुंचा। वहां उसे पता चला कि थनवी साहू नाम की कोई युवती नहीं रहती। जांच-पड़ताल में सामने आया कि अमन साहू नाम के युवक ने फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर उससे दोस्ती की थी और प्रेम संबंध का झांसा देकर रुपए ऐंठ लिए।
ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने पहले साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, फिर पंडरी थाने में लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने मोबाइल नंबर, यूपीआई ट्रांजैक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *