रायपुर में 11 मई से ‘सुशासन तिहार’: जनसमस्या निवारण शिविर का आगाज

प्रादेशिक मुख्य समाचार

रायपुर। रायपुर में लोगों की शिकायतों और सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे। नगर निगम के सभी 10 जोनों में अलग-अलग तारीखों पर शिविर आयोजित होंगे। पहला शिविर 11 मई को जोन-3 क्षेत्र में शंकरनगर स्थित सिंधु भवन, बीटीआई मैदान के सामने लगाया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर नगरीय प्रशासन विभाग और जिला प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। निगम प्रशासन के मुताबिक शिविरों में नगर निगम के साथ कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे, ताकि लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा सके।

शिविर में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आवेदन लिए जाएंगे। निगम प्रशासन का दावा है कि शिविर में मिलने वाले आवेदनों का अधिकतम एक महीने के भीतर निराकरण किया जाएगा। साथ ही हर आवेदक को उसकी शिकायत के समाधान की जानकारी भी दी जाएगी।

इन शिविरों में नगर निगम के अलावा राजस्व, बिजली, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, समाज कल्याण, कृषि, पशुधन विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, श्रम विभाग समेत कई विभाग शामिल होंगे। सरकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभ वितरण भी किया जाएगा।

ऐसे चलेगा शिविरों का शेड्यूल

11 मई: जोन-3, सिंधु भवन शंकरनगर

14 मई: जोन-4, इंडोर स्टेडियम बूढ़ापारा

18 मई: जोन-5, महाराष्ट्रीयन तेली समाज भवन अश्वनी नगर

19 मई: जोन-1, मारुति मंगलम भवन गुढ़ियारी

20 मई: जोन-6, संजय यादव स्कूल संजय नगर

22 मई: जोन-2, शहीद स्मारक भवन जीई रोड

25 मई: जोन-8, अग्रसेन भवन टाटीबंध

28 मई: जोन-7, पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम

29 मई: जोन-9, पॉम बेलाजियो के सामने गारमेंट फैक्ट्री परिसर

5 जून: जोन-10, देवपुरी धर्मशाला कमल विहार गेट के पास

निगम प्रशासन ने सभी जोन कमिश्नरों को शिविरों का नोडल अधिकारी बनाया है। शिविर स्थलों पर पेयजल, छाया, कुर्सी-टेबल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने कहा गया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *