सऊदी के दबाव में ट्रंप ने स्थगित किया ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’, होर्मुज तनाव पर बड़ा फैसला

अंतर्राष्ट्रीय मुख्य समाचार

मिडिल ईस्ट में होर्मुज को लेकर जारी तनाव के बीच बड़ी खबर सामने आई है। सऊदी अरब द्वारा अमेरिकी ठिकानों के इस्तेमाल पर व्यक्त किए गए कड़े विरोध के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को होर्मुज में जहाजों के सुरक्षित पारगमन के लिए शुरू किए गए ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को अचानक स्थगित करना पड़ा। एनबीसी न्यूज ने दो अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि ट्रंप द्वारा रविवार को सोशल मीडिया पर इस अभियान की घोषणा करने के तुरंत बाद सऊदी अरब ने नाराजगी जताई और अमेरिकी सैन्य विमानों को प्रिंस सुल्तान एयरबेस से उड़ान भरने तथा सऊदी हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया।

अधिकारियों के अनुसार, सऊदी अरब के इस कदम के बाद ट्रंप प्रशासन को होर्मुज में ईरानी नाकाबंदी तोड़ने के प्रयास को रोकना पड़ा। ट्रंप और सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के बीच हुई फोन पर बातचीत में असहमति सुलझ नहीं सकी, जिसके बाद अमेरिका को यह फैसला लेना पड़ा। खाड़ी के अन्य सहयोगी देशों ने भी इस घोषणा से हैरानी जताई। एक मध्य पूर्वी राजनयिक ने एनबीसी न्यूज को बताया कि अमेरिका ने ओमान के साथ समन्वय घोषणा के बाद ही किया।

कतर के नेताओं से ट्रंप की बातचीत तब हुई जब अभियान पहले ही शुरू हो चुका था। अभियान शुरू होने के बाद ट्रंप ने कतर के अमीर से भी फोन पर बात की। कतर के बयान के मुताबिक, दोनों नेताओं ने युद्धविराम समझौते, समुद्री सुरक्षा और वैश्विक आपूर्ति पर चर्चा की तथा तनाव कम करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

बता दें कि अमेरिकी सेना फिलहाल सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयरबेस पर लड़ाकू विमान, ईंधन टैंकर और वायु रक्षा प्रणालियां तैनात रखती है। अधिकारी मानते हैं कि खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य अभियान ‘पहुंच, बेसिंग और ओवरफ्लाइट’ (ABO) पर निर्भर करते हैं, जिसमें सऊदी अरब, जॉर्डन, कुवैत और ओमान की भूमिका अहम है।

एक सऊदी सूत्र ने बताया कि ट्रंप और क्राउन प्रिंस नियमित संपर्क में हैं। सऊदी अधिकारी अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो और सेंट्रल कमांड के साथ भी समन्वय कर रहे हैं। सूत्र ने किसी बड़े विवाद की संभावना से इनकार किया और कहा कि घटनाक्रम तेजी से और वास्तविक समय में आगे बढ़ रहे हैं। सऊदी अरब ने ईरान और अमेरिका के बीच समझौता कराने के पाकिस्तान के राजनयिक प्रयासों का भी समर्थन किया है।

वाइट हाउस के एक अधिकारी ने दावा किया कि क्षेत्रीय सहयोगियों को अभियान के बारे में पहले ही सूचित कर दिया गया था। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि प्रोजेक्ट फ्रीडम को ‘थोड़े समय के लिए’ निलंबित रखा जा रहा है ताकि यह देखा जा सके कि संघर्ष समाप्त करने के लिए कोई समझौता अंतिम रूप ले सकता है या नहीं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *