धमतरी। जिले में ऑनलाइन आईपीएल सट्टे के खिलाफ धमतरी पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सिटी कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई में मोबाइल, सिम कार्ड और स्कूटी सहित कुल एक लाख 20 हजार 500 रुपये का सामान जब्त किया गया है।
जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार निगरानी
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ऑनलाइन आईपीएल क्रिकेट मैचों में सट्टा खिलाने वालों पर विशेष निगरानी रखे हुए थी। मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर ऐसे आरोपितों की जानकारी जुटाई जा रही थी।
रेड कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया
पुलिस को सूचना मिली कि बनियापारा निवासी शंकर मंगलानी (39) मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन लिंक के जरिए क्रिकेट मैचों में सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित रेड कार्रवाई कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपित के कब्जे से एक मोबाइल (कीमत 10 हजार रुपये), दो सिम कार्ड और एक स्कूटी (कीमत एक लाख 10 हजार रुपये) जब्त की गई। कुल जब्ती की राशि एक लाख 20 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही, मामले की विवेचना के दौरान उपयोग में लाए गए मोबाइल नंबरों की जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
लगातार सख्त कार्रवाई जारी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
