लखनऊ, उत्तर प्रदेश के लखनऊ में राष्ट्रवाद की त्रिवेणी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीन दयाल उपाध्याय और श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी को समर्पित हैं, राष्ट्र प्रेरणा स्थल उद्घाटन के लिए पूरी तरह से तैयार है और इसका उद्घाटन 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। इसी क्रम में प्रेरणा स्थल में राष्ट्र नायकों के जीवन वृत्त को दर्शाने वाले संग्रहालय के क्यूरेशन का कार्य भी पूरा हो चुका है। पांच गैलरियों और पांच कोर्टयार्ड से युक्त संग्रहालय के क्यूरेशन का निर्माण कार्य पैन इंटेल कॉम कंपनी ने किया है। भावी पीढ़ियों में राष्ट्रवाद की भावना के संचार के लिए बने म्यूजियम को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल में राष्ट्रवाद की त्रिवेणी कहे जाने वाले राष्ट्र नायकों को समर्पित संग्रहालय का भी निर्माण किया गया है। प्रेरणा स्थल के 98000 वर्ग फुट के क्षेत्र में एलडीए ने म्यूजियम ब्लॉक का निर्माण कराया है। इसके क्यूरेशन का कार्य पैन इंटेल कॉम कंपनी ने किया है।
म्यूजियम में दो फ्लोर में पांच गैलरियां और पांच कोर्टयार्ड, वीवीआईपी ग्रीन रूम और 12 इंटरप्रिटेशन वॉल का निर्माण किया गया है। संग्रहालय की पहली गैलरी ओरियेंटेशन रूम के रूप में बनाई गई है, जिसमें वीडियो और एवी के माध्यम से राष्ट्र नायकों के जीवन के महत्वपूर्ण प्रसंगों को दिखाया जाएगा।
दूसरी गैलरी में भारतीय जन संघ के निर्माण और उसकी विकास यात्रा को दर्शाया गया है। संग्रहालय की क्रमशः तीसरी, चौथी और पाँचवीं गैलरी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीन दयाल उपाध्याय और श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी को समर्पित हैं। इन गैलरियों में उनकी फोटो, अखबार की कटिंग, सिलिकॉन की मूर्तियों के जरिए उनके जीवन के प्रेरक प्रसंगों को दिखाया गया है।
संग्रहालय में पांच गैलरियों के साथ पांच कोर्टयार्ड का भी निर्माण किया गया है। फर्स्ट फ्लोर पर बने तीन कोर्टयार्ड क्रमशः भारत माता, जन संघ के प्रतीक चिन्ह दीपक और सुदर्शन चक्र की प्रतिकृतियां बनाई गई हैं। एक कोर्टयार्ड में भारत माता की 10 फिट ऊँची मूर्ति लगी है, साथ ही दीवार पर वन्दे मातरम उत्कीर्ण किया गया है।
द्वितीय माले पर बने कोर्टयार्ड में राष्ट्र नायकों के प्रयोग किए गए समान जैसे- तख्त, मेज-कुर्सी, छड़ी को लोगों के दर्शन के लिए रखा गया है। इसके अलावा संग्रहालय में 12 इंटरप्रिटेशन वॉल बनाई गयी हैं, जिन पर म्यूरल और रिलीफ आर्ट के माध्यम से भारत के स्वतंत्रता संग्राम की घटनाओं और महान विभूतियों को दर्शाया गया है।
एक वॉल पर, राष्ट्रवाद से प्रेरित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की कविता की पंक्तियाँ लिखी गई हैं। इसके साथ ही म्यूजियम ब्लॉक में वीवीआईपी ग्रीन रूम का भी निर्माण किया गया है। राष्ट्र नायकों को समर्पित म्यूजियम आने वाले समय में भी भावी पीढ़ियों में राष्ट्रवाद की भावना का संचार करेगा।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मंगलवार को ही प्रेरणा स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायज़ा लिया। उन्होंने कहा कि देश की राजनीति का केन्द्र उत्तर प्रदेश है। सभी को साथ लेकर चलते हुए 2027 विधानसभा चुनाव में 2017 से भी अच्छे परिणाम के लिए पार्टी एकजुटता से मिलकर काम करेगी।
श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा ‘अटल जन्म शताब्दी समारोह अभियान’ के तहत 25 दिसम्बर को श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी का जन्म जयंती मनाएगी। वहीं, 24 दिसम्बर को पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर महापुरूषों के स्मारकों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही अटल जी से जुडे़ स्थानों तथा भाजपा जिला कार्यालयों पर दीप प्रज्ज्वलित करके दीपांजली अर्पित की जाएगी।
