घर की सजावट से लेकर पूजा घर में भगवान को चढ़ाने तक के लिए ज्यादातर भारतीय घरों में गेंदा फूल का यूज किया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं गेंदा फूल आपके घर की खूबसूरती ही नहीं बल्कि सेहत को भी निखारने में मदद कर सकता है। गेंदा फूल का इस्तेमाल करके आप सेहत से जुड़ी कई समस्याओं से भी निजात पा सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे।
गेंदा फूल के सेहत से जुड़े फायदे
ग्लोइंग त्वचा
गेंदे के फूल में मौजूद विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स उम्र बढ़ने के लक्षणों को कम करके त्वचा की प्राकृतिक चमक को लौटाने में मदद कर सकते हैं। अगर आपकी त्वचा हमेशा रूखी और बेजान बने रहने के साथ झुर्रियां और फाइन लाइन्स से भी परेशान है तो गेंदे के फूल का फेस पैक बनाकर चेहरे पर लगाएं। इसके लिए गेंदे के फूल के रस को एलोवेरा जेल के साथ मिलाकर चेहरे पर लगाएं या फिर गेंदे के फूल को पीसकर उसमें गुलाबजल मिलाकर चेहरे पर 20 मिनट लगाकर रखें। तय समय बाद चेहरे को ठंडे पानी से धो लें। गेंदे का यह फेस पैक त्वचा को नमी देकर चेहरे की झुर्रियों को कम करने में भी मदद करता है।
बवासीर
हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो बवासीर की समस्या को दूर करने में भी गेंदे का फूल फायदेमंद हो सकता है। गेंदे के फूल से बनी चाय पीने से कब्ज की समस्या, पेट दर्द, एसिडिटी और अपच जैसी समस्याओं से भी छुटकारा मिल सकता है। इसके लिए रोजाना गेंदे के फूलों का रस का सेवन करें। इससे बवासीर के दौरान खून निकलने की समस्या में बहुत जल्द आराम मिलता है।
माहवारी
महिलाओं को हर महीने होने वाली माहवारी के दर्द और समस्या में गेंदे का फूल राहत दे सकता है। रोजाना गेंदे के फूल के रस का सेवन करने से माहवारी में होने वाली समस्याओं में आराम मिलता है। इसके लिए रोजाना गेंदे के फूल का रस घी के साथ मिलाकर सेवन कर सकते हैं।
डार्क सर्कल्स
गेंदे के फूल में मौजूद पोषक तत्व आंखों के डार्क सर्कल्स को कम करने का असरदार उपाय हो सकते हैं। डार्क सर्कल्स से राहत पाने के लिए गेंदे के फूल का रस निकालकर उसे कॉटन की मदद से आंखों के आसपास लगाएं। इस उपाय को करने से ना सिर्फ थकी हुई आंखों को आराम मिलता है बल्कि डार्क सर्कल्स भी धीरे-धीरे कम होने लगते हैं।
हेयर ग्रोथ
गेंदे के फूल में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन ई बालों की जड़ों को मजबूत बनाए रखने में मदद करते हैं। अगर आप हेयर फॉल से परेशान हैं तो गेंदे के फूल से तैयार हेयर मास्क बालों में लगाएं। इसके लिए गेंदे के फूलों को नारियल तेल में गर्म करके बालों की मालिश करें। यह मास्क बालों को गहराई से पोषण देकर स्वस्थ बनाए रखता है।
