महासमुंद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सरायपाली ने सुरक्षित मातृत्व के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक टीम ने सफलतापूर्वक तीसरा सिजेरियन (C-section) ऑपरेशन किया और 26 वर्षीय महिला नरगिस को स्वस्थ पुत्र के जन्म दिलाया। नवजात शिशु का वजन 3.200 किलोग्राम है और प्रसव के बाद जच्चा एवं शिशु दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। इस सफलता पर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई नागेश्वर राव ने चिकित्सा टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता सुरक्षित मातृत्व और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को आम जनता तक पहुंचाना है। सरायपाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।
तीसरे सिजेरियन ऑपरेशन को डॉ. संजय अग्रवाल, डॉ. के. वी. किरण कुमार, डॉ. कुणाल नायक, स्टाफ नर्स प्रगति शर्मा और समीर पटेल की टीम ने कुशलतापूर्वक अंजाम दिया। ऑपरेशन की सफलता स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती गुणवत्ता और विशेषज्ञता को उजागर करती है। सरायपाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में निरंतर उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं के मिलने से स्थानीय लोग काफी संतुष्ट हैं। चिकित्सक टीम ने कहा कि सुरक्षित मातृत्व के लिए समय पर प्रसव योजना और विशेषज्ञ देखभाल महत्वपूर्ण है। इस सफलता ने स्वास्थ्य केंद्र की क्षमताओं और महिला एवं बाल स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावशीलता को प्रमाणित किया है।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह भी बताया कि भविष्य में और अधिक माताओं और नवजातों के सुरक्षित प्रसव के लिए चिकित्सा सुविधाओं और कर्मचारियों को और मजबूत किया जाएगा। स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य केंद्र की संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र में मातृत्व एवं नवजात स्वास्थ्य में सुधार की दिशा में निरंतर काम किया जा रहा है। सरायपाली CHC में इस तरह की उपलब्धियां ग्रामीण और अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों में लोगों को भरोसा देती हैं कि उन्हें उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। इस सफलता से यह संदेश भी मिलता है कि बेहतर स्वास्थ्य संरचना और प्रशिक्षित चिकित्सक मिलकर सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित कर सकते हैं।
