मोहला-मानपुर. जिले में जंगली दंतैल हाथी फिर से आ धमका है। हाल ही में बीते 14 जुलाई को ये हाथी महाराष्ट्र से मानपुर वनांचल में दाखिल होकर बस्तर के कांकेर जिले की ओर रवाना हो गया था। सप्ताहभर के भीतर ये हाथी वापस बस्तर की ओर से मानपुर ब्लॉक में पहुंच गया है। महाराष्ट्र से हफ्तेभर पहले इस ओर आया ये हाथी दोबारा महाराष्ट्र की ओर बढ़ रहा है। इसकी पुष्टि मोहला मानपुर जिले के डीएफओ दिनेश पटेल ने की है।

ढब्बा मेंढ़ा से लगे पहाड़ के पास कंपार्टमेंट 929 में कर रहा विचरण : DFO
दंतैल हाथी मानपुर से महाराष्ट्र सीमावर्ती कोराचा ग्राम पंचायत जाने वाला मुख्य मार्ग में ग्राम ढब्बा और मेंढ़ा के बीच सड़क पार करते कैमरे में कैद हुआ है। वन महकमे से मिली जानकारी के मुताबिक आज अल सुबह तकरीबन 4 बजे इस दंतैल हाथी की मानपुर ब्लॉक मुख्यालय से महज 5 किमी दूर ग्राम घोटियाके पास जंगल में मौजूदगी की सूचना मिली। इस इलाके में हाथी के पगमार्क भी देखे गए। स्थानीय वन अमला लगातार पग मार्क व अन्य निशानों के जरिए लगातार हाथी का लोकेशन ट्रैक कर रहा है। दोपहर तक ये हाथी मानपुर उत्तर वन परिक्षेत्र अंतर्गत महाराष्ट्र सीमावर्ती कोराचा व ढब्बा ग्राम पंचायत क्षेत्र की ओर पहुंच गया, जो वन भूमि कक्ष क्रमांक 929 में विचरण कर रहा है।
दो है या अकेला, संशय! फिलहाल एक दिखा
वन विभाग के मुताबिक बहरहाल इस हाथी के ढब्बा व मेंढ़ा गांव से लगे पहाड़ के इर्द गिर्द मौजूदगी है। हाथी चूंकि महाराष्ट्र की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि ये हाथी रात में वापस महाराष्ट्र कूच कर जाएगा। हालांकि अभी तक केवल एक दंतेल हाथी की पुष्टि हुई है, लेकिन कयास इस बात के भी लग रहे हैं कि हाथी दो हो सकते हैं, क्योंकि पिछली बार महाराष्ट्र से जब ये हाथी मानपुर के कोहका क्षेत्र में दाखिल हुआ था तब दो नर दंतैल हाथी के होने की जानकारी मिली थी। अब वर्तमान में भी दो दंतैल हाथी हैं या फिर केवल एक ही कांकेर की ओर से वापस लौटा है ये कह पाना फिलहाल मुश्किल है।
