भोपाल और इंदौर में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी, 1 अप्रैल से उपभोक्ताओं को 3 रुपये अधिक चुकाने होंगे

प्रादेशिक मुख्य समाचार

इंदौर। गर्मी में दूध का उत्पादन कम होने व पशु आहार की कीमतों में बढ़ोतरी होने के कारण अक्सर दूध की कीमतों में बढ़ोतरी होती है। भोपाल, इंदौर सहित इंदौर संभाग के जिलों में भी एक अप्रैल से दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। इंदौर दूध विक्रेता संघ द्वारा बढ़ाई गई कीमतों के बाद बुधवार से इंदौर जिले में आम ग्राहकों को बंदी के दूध में तीन रुपये अतिरिक्त देना होंगे।

अभी तक घर पहुंच सेवा के तहत मासिक बंदी वाले उपभोक्ताओं को 60 रुपये प्रति लीटर दूध मिल रहा था, लेकिन बुधवार से उन्हें 63 रुपये प्रति लीटर में दूध मिलेगा। इसके अलावा दूध डेयरी व दुकानों पर खुला दूध उपभोक्ताओं को 65 रुपये प्रति लीटर के भाव से बुधवार को मिलेगा।

 

किसानों और दुग्ध उत्पादकों को मिलेगा अतिरिक्त लाभ

दूध की कीमतों में इजाफा होने से दूध उत्पादकों को अब 35 पैसे प्रति फैट ज्यादा मिलेंगे, वहीं मावा प्रणाली से दूध बेचने वाले दुग्ध उत्पादक किसानों को दो रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त मिलेंगे। मंगलवार को इंदौर दुग्ध विक्रेता संघ की कार्यकारिणी की बैठक में यह निर्णय हुआ। दुग्ध संघ के अध्यक्ष भारत मथुरावाला के मुताबिक, गर्मी में दुधारू पशुओं की दुग्ध उत्पादन क्षमता कम हो जाती है। वहीं अभी पशु आहार की बढ़ती कीमत व दुधारू पशुओं की कीमतों में वृद्धि होने के कारण दूध के भाव में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया। शहर में दूध की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए दूध का फैट प्रणाली से क्रय-विक्रय किया जाना सुनिश्चित किया है।

फैट रेट और होम डिलीवरी शुल्क में बदलाव

अभी तक दूध विक्रेता उत्पादक से 8.60 रुपये प्रति फैट के हिसाब से दूध क्रय कर रहे थे। अब दूध उत्पादक से विक्रेता 8.95 रुपये प्रति फैट के हिसाब से क्रय करेंगे। इसके साथ बढ़ती हुई महंगाई को देखते हुए दूध की घर पहुंच सेवा में एक रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। अभी तक दूध के बंदी भाव 60 रुपये प्रति लीटर था, जो अब बढ़कर उपभोक्ताओं के पास घर पहुंच सेवा में 63 रुपये प्रति लीटर में उपलब्ध होगा। दुकानों व डेयरियों पर 65 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। दुकान व डेयरियों पर लेबर व पैकिंग मटेरियल सहित व्यापारी उपभोक्ताओं को दूध उपलब्ध करवाएंगे। दूध के ये भाव 5.5 से 6 फैट प्रति लीटर के हिसाब से तय किये गये हैं।

भविष्य की समीक्षा और प्रशासन से पीएनजी कनेक्शन की मांग

यदि आगे परिस्थितियां दूध उत्पादन के प्रतिकूल रहीं एवं पशु आहार के भाव जैसे कपासिया खली, चापड़, भूसा के भाव में वृद्धि होती है, तो संघ दूध के भाव में वृद्धि का पुनः विचार आगामी बैठक के माध्यम से करेगा। वर्तमान परिस्थितियों में वाणिज्यिक एलपीजी गैस वितरण की समस्याओं को देखते हुए दुग्ध संघ द्वारा प्रशासन से दूध डेयरियों को पीएनजी गैस कनेक्शन प्राथमिकता से उपलब्ध करवाने की मांग की गई है। बैठक में भोला शंभू बागोटा, कन्हैयालाल जोशी, तुलसीराम पाल, काका नीमा, पंकज साहू, उमाशंकरजी जोशी, भानू पुरोहित, तिलक राजपूत शामिल हुए।

भोपाल में सांची दूध के दाम को लेकर अभी तक कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। सत्येश जोशी, सीइओ, सांची दुग्ध संघ भोपाल

जिलावार दूध की कीमतों में हुई वृद्धि (प्रति लीटर)

भोपाल सहित इंदौर संभाग के जिलों में दूध की कीमतों में वृद्धि इस प्रकार है…

  • धार: तीन रुपये
  • उज्जैन: चार रुपये
  • बड़वाह: चार रुपये
  • देवास: चार रुपये
  • सोनकच्छ: तीन रुपये
  • भोपाल: चार रुपये
  • खरगोन: चार रुपये
  • खंडवा: चार रुपये

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *