रायपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई: RTO क्लर्क गिरफ्तार

प्रादेशिक मुख्य समाचार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरटीओ कार्यालय में पदस्थ एक क्लर्क को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी को 14 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने रायपुर ACB से शिकायत की थी कि आरटीओ कार्यालय में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर शोभा राम देवांगन वाहन नाम ट्रांसफर कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा है। बताया गया कि आरोपी ने फाइनेंस कंपनी की गाड़ी का नाम ट्रांसफर करने के लिए कुल 15 हजार रुपए की मांग की थी।

शिकायत मिलने के बाद ACB टीम ने पूरे मामले की जांच की और शिकायत की पुष्टि के बाद ट्रैप की योजना तैयार की। योजना के तहत टीम ने शिकायतकर्ता को पैसे के साथ आरोपी के पास भेजा। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 14 हजार रुपए रिश्वत की राशि ली, उसी समय ACB की टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई आरटीओ कार्यालय परिसर में ही की गई, जिससे वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर ACB कार्यालय ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है। ACB अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *