दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 43.14 ग्राम हेरोइन के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसकी कीमत करीब 8,65,800 रुपये आंकी गई है। यह मामला खुर्शीपार थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, 29 मार्च 2026 को मिनी स्टेडियम स्थित सुलभ शौचालय के पास कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से मादक पदार्थ रखने और बेचने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 43.14 ग्राम हेरोइन के साथ 3,640 रुपये नकद और 5 मोबाइल फोन (कीमत 24,500 रुपये) जब्त किए हैं। कुल जब्त सामग्री की कीमत 8,90,940 रुपये बताई गई है। इस मामले में अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत धारा 8/21(क) और 27(क) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय सिंह, मीर नौशाद अली और सुरेंद्र क्षत्रिय शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी विजय सिंह पंजाब के अमृतसर से दुर्ग तक नशे की सप्लाई चेन से जुड़ा हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे थे।
आरोपियों के नाम
विजय सिंह (26 वर्ष), निवासी कलेर गुमान, थाना कलसिया, जिला अमृतसर (पंजाब); वर्तमान निवास—एचसीएल कॉलोनी, तेलहा नाला के पास, वीर नारायण सिंह वार्ड, खुर्शीपार।
मीर नौशाद अली (26 वर्ष), निवासी जवाहर नगर, बसंत विहार, हनुमान मंदिर के पास, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।
सुरेंद्र क्षत्रिय (23 वर्ष), निवासी जवाहर नगर, मुंबई आवास, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
