उत्तर बस्तर कांकेर, प्रदेश सहित जिले में गर्मी का मौसम प्रारंभ हो गया है, भीषण गर्मी एवं ताप की लहर ‘लू’ से बचाव हेतु जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी द्वारा नागरिकों के लिए समसामयिक सलाह जारी की गई है, जिसमें गर्मी के पहले और गर्मी के दौरान सुरक्षात्मक उपाय करने के संबंध में दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
‘लू’ से बचाव के लिए उन्होंने समसामयिक सुझाव देते हुए कहा कि जहां तक संभव हो, तेज धूप में जाने से बचें, खास कर दोपहर 12 से 03 बजे के बीच घर से बाहर जाने से यथासंभव बचना चाहिए। प्यास न लगने पर भी लगातार अंतराल में पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं, यात्रा के दौरान हमेशा पीने का पानी साथ में रखें। इसी तरह हल्के रंग के ढीले, सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। लोगों को सुरक्षात्मक चश्मे, छाता, टोपी का प्रयोग करने, धूप में निकलते समय सिर ढंकने के लिए तौलिया या गमछा सहित जूते-चप्पल पहनने का सुझाव दिया गया है। जब बाहर का तापमान अधिक हो तो चिलचिलाती धूप में अधिक ऊर्जा एवं शक्ति लगने वाली गतिविधियों से बचें। यदि बाहर काम करना है तो अपने सिर को ढंकने के लिए गीले कपड़े या छाते का इस्तेमाल करें। हल्का भोजन और पानी की मात्रा से भरपूर फल जैसे खरबूजे, ककड़ी और खट्टे फल खाएं। मांस और नट्स जैसे उच्च प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से जरूर बचें, बासी भोजन से परहेज करें। घर में बने भोजन और पारंपरिक स्वास्थ्यवर्धक पेय पदार्थो जैसे नींबू पानी, छाछ और जूस आदि का उपयोग करें। पार्क किए गए वाहनों में बच्चों और पालतू जानवरों को अकेला न छोड़ें। पशुओं को छाया में रखें और उन्हें पीने के लिए पर्याप्त पानी दें।
समसामयिक सुझाव देते हुए कहा गया है कि अपने घर को ठंडा रखें, पर्दे, शटर या सनशेड आदि का प्रयोग करें। रात को खिड़कियां खोलें व कमरों में पर्याप्त वेंटिलेशन बनाए रखें। स्थानीय मौसम के पूर्वानुमानों को सुनें और आगामी तापमान परिवर्तनों से अवगत रहें। बीमारी और चक्कर आने या अचेतना की अवस्था के मामले में डॉक्टर से परामर्श लें या तत्काल चिकित्सा सहायता लें।
हीट स्ट्रोक में क्या करें
व्यक्ति को घर के अंदर या किसी ठंडी, छायादार जगह पर लिटा दें, उसे पैरों को थोड़ा उपर उठाकर लिटा दें। गीले कपड़े से शरीर को पोछ लें या त्वचा पर ठंडे पानी का छिड़काव करें। शरीर को फिर से हाइड्रेट करने के लिए व्यक्ति को ओआरएस, नींबू पानी, नमक, चीनी का घोल या जूस पिलाएं। अगर कोई व्यक्ति पूरी तरह से होश मे नहीं है तो उसे कुछ भी खाने या पीने के लिए न दें।
एक घंटे मे लक्षणों में सुधार न होने पर व्यक्ति को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र ले जाएं।
हीट वेव के पहले क्या करें
अस्थाई विंडों रिफ्लेक्टर जैसे एल्यूमिनियम फॉयल से ढंके कार्डबोर्ड आदि लगाएं। जिन खिड़कियों पर सुबह या दोपहर की धूप पड़ती उन्हें पर्दा, छाया से ढंक दें। स्थानीय मौसम के पूर्वानुमानों को सुनें और आने वाले तापमान परिवर्तनों से अवगत रहें। अपने आस-पड़ोस के उन लोगों को जानें जो बुजुर्ग, युवा, बीमार या अधिक वजन वाले हैं, जो अत्यधिक गर्मी के शिकार हो सकते हैं और जिन्हें मदद की जरूरत है।
