मानपुर बस स्टैंड पर ड्राइवर की हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार

प्रादेशिक मुख्य समाचार

मानपुर। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मोहला बस स्टैंड पर एक मामूली विवाद के बाद बस ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 20 मार्च की रात लगभग 8:30 बजे हुई। भारत ट्रैवल्स के ड्राइवर कमलेश भुआर्य ने बस स्टैंड पर खड़े इसराइल खान और सोमेश रावटे को बस के सामने से हटने के लिए कहा था।

इसी बात को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए ड्राइवर से मारपीट शुरू कर दी।विवाद बढ़ने पर आरोपी इसराईल खान ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। आरोपियों ने कमलेश भुआर्य को बाजार चौक ले जाकर बेल्ट, लात और घूंसों से बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर उन्हें मरणासन्न स्थिति में बस स्टैंड पर छोड़कर भाग गए।

अगली सुबह, घायल ड्राइवर कमलेश बस लेकर राजनांदगांव के लिए निकले, लेकिन रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें पहले चौकी के अस्पताल और फिर राजनांदगांव के मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पांच दिनों तक चले इलाज के दौरान 25 मार्च को कमलेश भुआर्य की मौत हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिरों की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर सभी छह आरोपियों को उनके निवास स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम इसराइल खान, हितेश्वर राजपूत उर्फ सोनू, प्रवीण यादव, भूषण सिंह राजपूत उर्फ टिटिट, कमलेश घावड़े और खोमेश रावटे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या), 191(2), 296, 351(2), 115(2) और एट्रोसिटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को 27 मार्च को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *