रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में पदस्थ उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ. संतोष कुमार सिंह की पुस्तक “Institutionalization of Peacebuilding: Functioning of the United Nations Peacebuilding Commission in Sierra Leone & Burundi” को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सराहना मिल रही है। यही नहीं, यह पुस्तक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म Amazon पर भी धड़ल्ले से बिक रही है, जिससे इसकी बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
प्रधानमंत्री कार्यालय, नई दिल्ली से जारी दो अलग-अलग पत्रों में देश के शीर्ष अधिकारियों ने डॉ. सिंह के शोध कार्य की सराहना की है।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने अपने पत्र में पुस्तक को “बेहद शोधपूर्ण और उपयोगी” बताते हुए कहा कि यह संयुक्त राष्ट्र की पीसबिल्डिंग कमीशन की कार्यप्रणाली को समझने में महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वर्तमान वैश्विक संघर्षों के दौर में शांति स्थापना के प्रयासों को नए दृष्टिकोण से समझने की आवश्यकता है, जिसमें यह पुस्तक सहायक सिद्ध होगी।
वहीं, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव-2 शक्तिकांत दास ने भी डॉ. सिंह को पत्र लिखकर इस महत्वपूर्ण प्रकाशन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक अंतरराष्ट्रीय शांति स्थापना के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान है और इसे तैयार करने में किया गया समर्पित प्रयास सराहनीय है।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने डॉ. संतोष कुमार सिंह को उनके अकादमिक एवं पेशेवर जीवन में निरंतर सफलता की शुभकामनाएं भी दी हैं।
गौरतलब है कि डॉ. सिंह की यह पुस्तक संयुक्त राष्ट्र की पीसबिल्डिंग कमीशन के कार्य एवं वैश्विक शांति व्यवस्था के संस्थागत ढांचे पर आधारित है, जो शोधार्थियों, नीति-निर्माताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए अत्यंत उपयोगी मानी जा रही है। Amazon पर इसकी बढ़ती मांग यह दर्शाती है कि पुस्तक को पाठकों के बीच व्यापक स्वीकार्यता मिल रही है।
