धार हत्याकांड: पत्नी प्रियंका की गलती ने खोला पति की हत्या का रहस्य

प्रादेशिक मुख्य समाचार
मध्य प्रदेश के धार में राजा रघुवंशी हत्याकांड जैसा ही एक और मामला सामने आया है जिसमें पत्नी प्रिंयका ने प्रेमी कमलेश की खातिर अपने पति की हत्या करवा दी। हालांकि पुलिस ने महज 36 घंटे में इस मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। प्रिंयका ने पति की हत्या करवाने के बाद पूरी घटना को लूट दिखाने की कोशिश की थी। हालांकि पुलिस को दिए बयान में उसने कुछ ऐसा कह दिया जो उसी के खिलाफ बड़ा सबूत बन गया और पुलिस का शक उस पर गहरा हो गया। दरअसल पुलिस ने बताया कि प्रियंका ने पहले इस हत्याकांड को लूट की घटना बताई थी और शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह अपने घर पर सो रही थी तभी कुछ बदमाश वहां घुस गए और देव कृष्ण के सर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। प्रियंका ने कहा था कि बदमाशों ने उसे बंधक बनाकर दूसरे कमरे में छोड़ दिया और कीमती सामान लूट कर ले गए।

घर में ही मिल गए गहने

इसके बाद पुलिस ने पूरे घर की तलाश ली। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक तलाश के दौरान पुलिस को वो गहने घर पर ही मिल गए जो प्रियंका ने चोरी होने का दावा कर रही थी। इसके साथ ही प्रियंका के बदलते बयानों ने भी पुलिस के शक को और गहरा कर दिया। पुलिस ने प्रियंका के कॉल रिकॉर्ड चेक किए जिससे पता चला कि घटना के समय वह लगातार कमलेश से बात कर रही थी। सारे सबूत सामने आने के बाद पुलिस ने प्रियंका से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गई और अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

15 साल की उम्र में हुई थी शादी

आरोपी पत्नी 25 साल की प्रियंका पुरोहित की 28 साल के देव कृष्ण पुरोहित के साथ महज 15 साल की उम्र में शादी हो गई थी और दोनों अलग-अलग अपने परिवार के साथ रहते थे। 21 साल की उम्र पूरी होने के बाद प्रियंका अपने ससुराल आ गई लेकिन वह देव कृष्ण के साथ रहने के लिए राजी नहीं थी और इसी के चलते दोनों में अक्सर विवाद होता था। जानकारी के मुताबिक प्रियंका का 32 साल के कमलेश से अफेयर था और इसी के चलते उसने सुपारी देकर देव कृष्ण की हत्या करवा दी। प्रियंका ने कमलेश के साथ मिलकर इस हत्याकांड की योजना बनाई और एक लाख रुपये की सुपारी देकर सुरेंद्र के हाथों पति देव कृष्ण की हत्या करवा दी। हालांकि फुलप्रूफ प्लानिंग के बाद भी प्रियंका की एक गलती उसी पर भारी पड़ गई और पुलिस ने जल्दी ही इस मर्डर मिस्ट्री का खुलासा कर दिया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *