जिले के 308 ग्रामों में बनाया जाएगा विलेज एक्शन प्लान
महासमुंद । भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित आदि कर्मयोगी अभियान के संबंध में प्रेस वार्ता लेकर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री रवि कुमार साहू, मास्टर ट्रेनर, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद थे।
इस अवसर पर कलेक्टर ने बताया कि भारत सरकार द्वारा यह अभियान जनजातीय गौरव वर्ष 2025 के तहत संचालित किया जा रहा है। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक सेवा पर्व के अंतर्गत जिले के जनजातीय अंचलों में विभागों द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करना और ग्रामवासियों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान जनभागीदारी से ट्राइबल विलेज विजन के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
कलेक्टर लंगेह ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले के 308 जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में 17 मंत्रालयों की 25 योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। 308 ग्रामों में आदि सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय सेवाएँ एक ही स्थान पर मिलेंगी। साथ ही ग्राम सभा की बैठकें आयोजित कर जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा। अभियान के दौरान शिकायत निवारण शिविर और प्रत्येक पखवाड़े आदिवासी सेवा दिवस का आयोजन भी किया जाएगा। उन्हांने बताया कि अभियान के तहत ग्राम स्तर पर कैडर तैयार किए गए है। इनमें पंचायत प्रतिनिधि, स्वयंसेवी, एनजीओ, युवा और सेवाभावी संगठन सक्रिय रूप से शामिल हैं। ये कैडर आवास, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग कर ग्राम विकास योजनाओं के निर्माण में भी योगदान देंगे।
उन्होंने बताया कि आदि कर्मयोगी अभियान के लिए महासमुंदष् बागबाहरा, पिथौरा, बसना एवं सरायपाली के 308 ग्रामों में 42 क्लस्टर के माध्यम से अभियान का क्रियान्वयन किया जाएगा। आदि कर्मयोगी टीम में जिला मास्टर ट्रेनर से लेकर ग्राम स्तरीय सहयोगी की टीम 7 हजार से ज्यादा मानव संसाधन कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मानव संसाधन का प्रशिक्षण कार्य पूरा हो चुका है एवं आदि सेवा केन्द्रों की स्थापना की जा चुकी है। महात्मा गांधी जी के जयंती के अवसर पर आयोजित ग्राम सभा में विलेज एक्शन प्लान का अनुमोदन किया जाएगा। जिसे सरकार के पोर्टल में एंट्री किया जाएगा।
इस दौरान मीडियों प्रतिनिधियों के द्वारा अभियान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। जिसका कलेक्टर ने जवाब दिया। उन्होंने आम जनता, जनप्रतिनिधियों और सेवाभावी संगठनों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी कर जिले के जनजातीय अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में सहयोग करें।
