रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क पर विवाद के बाद कार चालक से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना VIP Road स्थित महोबा बाजार चौक के पास की बताई जा रही है, जहां मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने कार चालक को रोककर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में अविनाश नामक व्यक्ति ने बताया कि वह Kabir Nagar स्थित आशियाना में अपने परिवार के साथ रहता है और रिलायबल इस्पात उद्योग में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत है। अविनाश के अनुसार 5 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे वह अपनी कार क्रमांक CG-04-QF-8505 से वीआईपी रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान जब वह महोबा बाजार चौक के पास पहुंचा।
तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक अचानक उसकी कार के सामने आकर रुक गए। अविनाश ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक उसके पास आए और कार चलाने को लेकर बहस करने लगे। इसके बाद दोनों ने उसे मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। जब उसने उन्हें गाली देने से मना किया, तो दोनों युवक और अधिक आक्रामक हो गए और उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़ित के मुताबिक इसके बाद दोनों युवकों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान एक युवक के हाथ में कड़ा पहना हुआ था, जिससे उसके सिर पर चोट लग गई। इस दौरान पीड़ित के गले में पहनी सोने की चेन भी टूटकर गिर गई, जो बाद में उसे नहीं मिल सकी।
अविनाश ने बताया कि घटना के बाद उसने आसपास के लोगों से जानकारी ली, जिससे पता चला कि मारपीट करने वालों में से एक युवक का नाम भूपेश वर्मा है, जो Saraswati Nagar स्थित बंगाली कॉलोनी का रहने वाला है, जबकि दूसरा युवक राहुल ध्रुव Mahoba Bazar के वीर शिवाजी नगर क्षेत्र का निवासी है। पीड़ित ने इस घटना की जानकारी अपने परिवार वालों को भी दी। घटना के दौरान आसपास से गुजर रहे कई लोगों ने भी विवाद और मारपीट की घटना देखी और सुनी। इसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर पूरी घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
