कई दिनों का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है, क्योंकि आईपीएल 2026 की तारीख तय हो चुकी है. पहले 20 दिन का शेड्यूल भी आ चुका है. 28 मार्च से 19वें सीजन का आगाज होगा. पहला मुकाबला आरसीबी बनाम एसआरएच के बीच होगा, जबकि दूसरा मैच मुंबई इंडियंस और केकेआर के बीच 29 मार्च को मुंबई के वानखेड़े मैदान पर होगा. पिछले सीजन एमआई ने फैंस को निराश किया था, लेकिन इस बार ये टीम पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरने को तैयार है. हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम पिछले कुछ समय से संघर्ष कर रही है और इस बार भी फैंस के मन में कई सवाल हैं.
आईपीएल 2026 के लिए मुंबई की टीम में वैसे तो रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज शामिल हैं, लेकिन गहराई से देखने पर इस टीम में कुछ ऐसी कमियां नजर आती हैं, जो छठी ट्रॉफी उठाने की राह में रोड़ा बन सकती हैं. आईपीएल 2026 के लिए टीम में एक अनुभवी भारतीय विकेटकीपर की कमी से लेकर स्पिन डिपार्टमेंट में सीनियर स्पिनर की कमी साफ दिख रही है. एमआई के सामने 3 बड़ी चिंताएं हैं, आइए जानते हैं.
- अनुभवी भारतीय विकेटकीपर की कमी
5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के पास विकेटकीपर के विकल्प के लिए क्विंटन डी कॉक और रयान रिकलटन हैं. दोनों विदेशी हैं और मैच विनर भी, लेकिन इन दोनों के अलावा टीम में कोई अनुभवी भारतीय विकेटकीपर नहीं है, जिसकी कमी टीम को खल सकती है. रोबिन मिंज जरूर एक ऑप्शन हैं, लेकिन वो फिलहाल अनकैप्ड हैं और उन्हें जितने भी मौके मिले, उन पर वो खरे नहीं उतरे हैं. डी कॉक और रिकलटन की चोट के चलते टीम कॉम्बिनेशन बनाने में कप्तान हार्दिक को समस्या हो सकती है.
- स्पिन विभाग में अनुभव की कमी दिख रही
मुंबई इंडियंस के पास बल्लेबाज तो धांसू हैं, लेकिन स्पिन डिपार्टमेंट में एक सीनियर भारतीय की कमी दिख रही है. टीम में फिलहाल मिचेल सैंटनर और अल्लाह गजनफर हैं. दोनों मैच विनर हैं, लेकिन इनके अलावा मुंबई के पास कोई ऐसा भारतीय स्पिनर नहीं है, जो दबाव में मैच जिता सके. मयंक मार्कंडे और मयंक रावत जैसे खिलाड़ियों के पास बड़े मैचों का अनुभव कम है, जो टर्निंग पिचों पर भारी पड़ सकता है. अब देखना होगा कि टीम कैसे ये कमी पूरी करती है.
- स्टार खिलाड़ियों पर डिपेंडेंसी ज्यादा है
5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस अपने स्टार खिलाड़ियों पर पूरी तरह डिपेंड है. इनमें रोहित, सूर्या, हार्दिक और बुमराह का नाम शामिल है. अगर इनमें से कोई खिलाड़ी चोटिल हुआ या खराब फॉर्म से जूझा, तो टीम फंस सकती है. गौर करने वाली बात ये है कि मुंबई के पास बैकअप की भारी कमी है. गेंदबाजी में भी बुमराह के बिना अटैक बेहद साधारण नजर आता है, क्योंकि बोल्ट और दीपक चाहर भले ही इंटरनेशनल क्रिकेट का अनुभव रखते हैं, लेकिन जब मार पड़ती है तो ये खिलाड़ी अपनी लाइन-लेंथ भूल जाते हैं.
मुंबई की टीम ने कब-कब जीता खिताब?
मुंबई इंडियंस आईपीएल की सबसे धाकड़ टीम मानी जाती है. उसने चेन्नई सुपर किंग्स के बराबर 5 खिताब जीते हैं. रोहित की कप्तानी में एमआई ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में रिकॉर्ड पांच बार खिताबी जीत दर्ज की है. हालांकि अब रोहित सिर्फ बैटर के तौर पर खेलते हैं. हार्दिक पांड्या कप्तान हैं.
IPL 2026 के लिए मुंबई इंडियंस की टीम
बल्लेबाज-रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, रोबिन मिंज, शेरफेन रदरफोर्ड, रयान रिकलटन, क्विंटन डी कॉक, दानिश मालेवार, तिलक वर्मा
ऑलराउंडर-हार्दिक पांड्या, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, राज अंगद बावा, अथर्व अंकोलेकर, मयंक रावत, कॉर्बिन बॉश, विल जैक्स, शार्दुल ठाकुर
गेंदबाज- जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, मयंक मार्कंडे, दीपक चाहर, अश्वनी कुमार, रघु शर्मा, मोहम्मद इजहार, अल्लाह गजनफर
