टीम इंडिया को एशिया कप ट्रॉफी लौटाने को तैयार मोहसिन नकवी; रखी ऊटपटांग शर्त, जो नहीं होगी पूरी

खेल मुख्य समाचार

मोहसिन नकवी टीम इंडिया को एशिया कप ट्रॉफी लौटाने को तैयार हो गए हैं। हालांकि, उन्होंने एक ऊटपटांग शर्त रखी है जो पूरी नहीं होगी। भारत ने एशिया कप 2025 फाइनल में पाकिस्तान पर रोमांचक जीत के बाद नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। नकवी एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के चीफ और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन हैं। वह पाकिस्तान के गृहमंत्री भी हैं। वह भारत के खिलाफ जहर उगलते रहे हैं। खिताबी मुकाबला जीतने के बाद जब भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी नहीं ली तो वह मंच से उतरकर ट्रॉफी अपने साथ ले गए। भारतीय खिलाड़ियों ने बगैर ट्रॉफी के जश्न मनाया था।

क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, नकवी ने भारतीय टीम को ट्रॉफी और विनर्स मेडल वापस करने के लिए एक शर्त रखी है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि नकवी ने आयोजकों को बताया कि भारतीय टीम को ट्रॉफी और मेडल तभी मिलेंगे जब एक फॉर्मल फंक्शन रखा जाएगा। इतना ही नहीं नकवी यह भी चाहते हैं कि ट्रॉफी और मेडल उनके हाथों से दिलवा जाएं। हालांकि, भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक संबंधों को देखते हुए ऐसी कोई व्यवस्था होने की संभावना बहुत कम है। बता दें कि पाकिस्तान से फाइनल जीतने के बाद ट्रॉफी नहीं मिलने पर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हैरानी जताई थी।

सूर्यकुमार ने कहा, ”जब से मैंने क्रिकेट खेलना या देखना शुरू किया है, मैंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा कि विजयी टीम को ट्रॉफी नहीं दी गई हो। और वह भी इतनी मेहनत से जीती गई ट्रॉफी। ऐसा नहीं है कि हमने आसानी से जीत ली। हमने काफी मेहनत से यह टूर्नामेंट जीता था।” उन्होंने मुस्कुराहट के पीछे अपनी मायूसी छिपाते हुए कहा, ”हम चार सितंबर से यहां थे, आज हमने एक मैच खेला। दो दिनों में लगातार दो अच्छे मैच। मुझे लगता है कि हम इसके हकदार थे। और मैं इससे ज्यादा कुछ नहीं कह सकता। मुझे लगता है कि मैंने अपनी बात बहुत अच्छी तरह कह दी है।” सूर्यकुमार ने बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”मैच पूरा होने के बाद सिर्फ चैंपियन को याद रखा जाता है, ट्रॉफी की तस्वीर को नहीं।”

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *