इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के ओपनिंग मुकाबले को लेकर चल रही अनिश्चितता अब खत्म हो गई है। कर्नाटक सरकार ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच आयोजित करने की अंतिम मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही अब 28 मार्च को इसी मैदान पर RCB और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच टूर्नामेंट का पहला मुकाबला खेला जाएगा।
कर्नाटक सरकार ने इस संबंध में प्रेस रिलीज जारी कर जानकारी दी कि विधान सौध में राज्य के गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेषज्ञ समिति के साथ KSCA, RCB और डीएनए के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान स्पेशल कमेटी ने स्टेडियम में सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अपनी रिपोर्ट पेश की, जिसमें चिन्नास्वामी स्टेडियम में किए गए सुधार और अनुपालन उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
सरकार ने बताया कि विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा के बाद गृह मंत्री ने बेंगलुरु के प्रतिष्ठित एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आगामी आईपीएल मैचों के आयोजन को औपचारिक मंजूरी दे दी है।
गौरतलब है कि, आईपीएल 2025 में RCB की ऐतिहासिक जीत के बाद आयोजित विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़ की घटना सामने आई थी, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को लेकर कई सवाल उठे थे। मामले की जांच के लिए गठित जस्टिस डी’कुन्हा कमेटी ने सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए थे। कर्नाटक सरकार ने KSCA को इन सभी सुझावों पर अमल करने के लिए 15 मार्च तक का समय दिया था। बताया जा रहा है कि एसोसिएशन ने निर्धारित समय के भीतर सभी जरूरी सुधार पूरे कर लिए, जिसके बाद मैच आयोजन की अनुमति दे दी गई।
इससे पहले 12 मार्च को बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 के शुरुआती 20 मुकाबलों का शेड्यूल जारी किया था। जारी कार्यक्रम के अनुसार, चिन्नास्वामी स्टेडियम में सीजन का पहला मैच होने के अलावा 5 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच भी मुकाबला खेला जाएगा। इस सीजन में RCB अपने कुल पांच घरेलू मुकाबले बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी, जबकि टीम के दो होम मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।
गौरतलब है कि आईपीएल 2025 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को छह रन से हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया था। इस बार टीम अपने खिताब की रक्षा करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। आईपीएल 2026 में भी RCB की कप्तानी रजत पाटीदार के हाथों में रहेगी, जिनकी अगुवाई में टीम ने पिछले सीजन में 18 साल का खिताबी इंतजार खत्म किया था। अब देखना दिलचस्प होगा कि डिफेंडिंग चैंपियन RCB इस बार अपने प्रदर्शन को किस तरह बरकरार रखती है।
