भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने सोमवार 26 फरवरी को क्रिकेट की दुनिया में एक खास उपलब्धि हासिल कर ली। वे भारत के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 9000 रनों का आंकड़ा पार किया। व्हाइट बॉल क्रिकेट के सबसे सफल ओपनर कहे जाने वाले हिटमैन रोहित शर्मा रेड बॉल क्रिकेट से भी नई-नई उपलब्धियां हासिल करते जा रहे हैं। रोहित हर फॉर्मेट में रन बना रहे हैं।
रोहित शर्मा ने जैसे ही इंग्लैंड के खिलाफ रांची में खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच की चौथी पारी में 37वां रन बनाया, वैसे ही वे फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 9000 रनों का आंकड़ा छूने में सफल हो गए। रोहित शर्मा उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने भारत के लिए 9000 या इससे ज्यादा रन बनाए हैं। इसी मैच के दौरान टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट में 4000 रनों का आंकड़ा पार किया था।
हिटमैन रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में 1000 रनों का आंकड़ा भी पार किया। वे इस सीरीज में एक शतक जड़ चुके हैं और रांची में दूसरी पारी में वे खबर लिखे जाने तक अर्धशतक पूरा कर चुके हैं। भारतीय टीम इंग्लैंड की मजबूत टीम के खिलाफ एक अनुभवहीन बल्लेबाजी यूनिट के साथ खेल रहे हैं। कई खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने एक दर्जन मैचों का भी अनुभव नहीं है। ऐसे में रोहित के कंधों पर अहम जिम्मेदारी थी।
रोहित शर्मा ने 118वें फर्स्ट क्लास मैच की 190वीं पारी में 9000 रनों का आंकड़ा पार किया। वे एक तिहरा शतक भी रेड बॉल से जड़ चुके हैं। 28 शतक और 36 अर्धशतक उनके बल्ले से निकले हैं और उनका स्ट्राइक रेट 61 से ज्यादा का रहा है। वहीं, औसत इस फॉर्मेट में उनका 53 के करीब है। हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में रोहित शर्मा ने कुछ समय स्ट्रगल किया था, लेकिन जैसे ही वे ओपनर बने तो अलग लय में नजर आए।
