भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी के लिए जनसभा को संबोधित करने अमेठी आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि तुष्टीकरण किसी का नहीं, सन्तुष्टीकरण सबका होगा। उन्होंने गांधी परिवार पर अमेठी को अंधेरे में रखने का आरोप लगाया। जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस राम विरोधी, सनातन विरोधी और राष्ट्र विरोधी ताकतों की हिमायती है।
मंगलवार को अमेठी के रामलीला मैदान पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि आज तुष्टीकरण की राजनीति समाप्त हो गई है। हम विकास और रिपोर्ट कार्ड की बात करते हैं। अब तुष्टीकरण किसी का नहीं, संतुष्टीकरण सबका होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना के बाद अमेरिका, रूस, यूरोप जैसे देशों की अर्थव्यवस्था डांवाडोल हो गई है लेकिन मोदी के नेतृत्व में भारत 11वीं से 5वीं अर्थव्यवस्था बन गया है। दो साल के अंदर भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। दवा बनाने व निर्यात करने में भारत दूसरे नंबर पर पहुंच गया। नौ महीने में कोरोना की दो-दो वैक्सीन बना ली। सौ से अधिक देशों को वैक्सीन भेजा। 48 देशों को हमने मुफ्त में वैक्सीन दिया। आज भारत मांगने वाला नहीं बल्कि देने वाला भारत बन गया है। आटोमोबाइल के क्षेत्र में जापान को पीछे छोड़कर भारत दुनिया में तीसरे नंबर पर पहुंच गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आपके प्रत्याशी आते थे, जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी का नाम लेकर वोट बटोरते थे। बाद में दिल्ली में जाकर बैठ जाते थे। गांधी परिवार को आपने अनेकों बार चुनाव जिताया और अंधकार में रहे। आज मोदी के नेतृत्व में स्मृति की मेहनत से अमेठी अग्रणी स्थिति में खड़ा हुआ है। जेपी नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी संविधान की किताब लेकर घूमते हैं। कहते हैं कि भाजपा वाले आरक्षण ले लेंगे। उल्टा चोर कोतवाल को डांटे। उन्होंने आन्ध्र प्रदेश में दलितों के आरक्षण पर चार बार डाका डाला, मुस्लिमों को दे दिया। कर्नाटक में ओबीसी का आरक्षण छीनकर मुसलमानों को दे दिया। मोदी ने साफ कहा है कि उनके जिन्दा रहते, भाजपा के रहते कोई भी आरक्षण को छू नहीं सकता है। धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा। ये राम विरोधी हैं, सनातन विरोधी हैं। राष्ट्र विरोधी ताकतों के हिमायती हैं।
