वॉशिंगटन, अमेरिका ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई समेत कई प्रमुख नेताओं की जानकारी देने वाले को एक करोड़ डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है।यह घोषणा शुक्रवार को अमेरिकी विदेश मंत्रालय के ‘रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस’ कार्यक्रम के तहत की गयी है।
इसमे विशेष रूप से उन अधिकारियों को लक्षित किया गया है जो ईरान की सत्ता और सैन्य तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस सूची में मोजतबा खामेनेई के अलावा अली असगर हेजाजी (डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ), मेजर जनरल यहया रहीम सफावी ( सैन्य सलाहकार), अली लारीजानी ( सलाहकार), ब्रिगेडियर जनरल एस्कंदर मोमेनी (आंतरिक मामलों के मंत्री), इस्माइल खतीब (खुफिया और सुरक्षा मंत्री) शामिल हैं।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अनुसार, ये व्यक्ति इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के विभिन्न अंगों का संचालन करते हैं, जो दुनिया भर में “आतंकवाद की योजना बनाने और उसे अंजाम देने” का काम करता है।
सोशल मीडिया’ पर साझा किए गए इस नोटिस में अमेरिका ने यह भी स्पष्ट किया है कि महत्वपूर्ण जानकारी देने वाले व्यक्ति को न केवल नकद पुरस्कार दिया जाएगा, बल्कि उन्हें सुरक्षित स्थान पर बसाने की सुविधा भी मिल सकती है।
यह कदम हाल ही में आयतुल्लाह अली खामेनेई और अन्य शीर्ष ईरानी अधिकारियों की मौत के बाद जारी सैन्य अभियानों की पृष्ठभूमि में उठाया गया है।
