बर्थडे, एनिवर्सरी जैसे खास मौकों पर सेलिब्रेशन के लिए केक कटिंग तो जैसे फिक्स है। हर कोई अपने स्पेशल मूमेंट्स को सेलिब्रेट करने के लिए केक कट करता है। इसमें कोई बुराई नहीं है लेकिन आजकल केक की हाइजीन और सेफ्टी से जुड़े जैसे मामले सामने आ रहे हैं, उस हिसाब से तो केक काटना बंद ही कर देना चाहिए। ऐसा हम नहीं बल्कि डॉक्टर रवि गुप्ता ने एक पोस्ट के जरिए बताया है। डॉक्टर सीधे तौर पर कहते हैं कि आपको अपने खास दिन जैसे बर्थडे पर केक काटना बंद कर देना चाहिए। इसके पीछे कई ठोस कारण हैं। अगर आप केक काटते भी हैं, तो कुछ बातें ध्यान में रखना बहुत जरूरी है। आइए विस्तार में जानते हैं।
क्यों केक काटना बंद कर देना चाहिए?
डॉक्टर रवि कहते हैं कि आजकल केक में कुछ बड़ी दिक्कतें आ रही हैं, जिन्हें नजरंदाज करना खतरनाक हो सकता है। मार्च 2024 में पंजाब के पटियाला में एक दस साल की लड़की की मौत इस वजह से हो गई क्योंकि उसके केक में एक टॉक्सिक आर्टिफिशियल स्वीटनर की मात्रा बहुत ज्यादा थी। वहीं कर्नाटक में 235 केक के सैंपल पर स्टडी की गई, जिसमें 12 केक में खतरनाक कलर पाए गए।
मोमबत्ती बुझाने से भी बढ़ जाता है खतरा
अक्सर केक पर कैंडल लगकर उन्हें बुझाया जाता है। डॉक्टर कहते हैं ये आदत भी काफी नुकसानदायक है। जब आप केक पर लगी हुई मोमबत्ती को फूंक मार कर बुझाते हैं, तो इससे केक पर 1400 प्रतिशत तक बैक्टीरिया बढ़ सकते हैं। ये बैक्टीरिया आपके परिवार और दोस्तों की सेहत के लिए काफी नुकसानदायक हो सकते हैं।
फिर क्या है सॉल्यूशन?
अब सवाल है कि क्या बिल्कुल ही केक लाना बंद कर दें और फिर स्पेशल मूमेंट्स को कैसे सेलिब्रेट करें? डॉक्टर कहते हैं कि अगर आपको केक लाना ही है तो हमेशा किसी अच्छी और भरोसमंद बेकरी से ही ले कर आएं। सबसे अच्छा तो यही रहेगा कि आप घर पर ही केक बनाकर तैयार करें। इसके अलावा कैंडल का इस्तेमाल बिल्कुल भी ना करें। इसकी जगह आप स्पार्कलर ट्राई कर सकते हैं।
