अगर अब तक आप भी दिनभर के कामकाज के बाद पैरों को बिना धोएं ही बिस्तर पर सोने चले जाते रहे हैं तो आपको अपनी इस आदत को तुरंत बदल देने की जरूरत है। ऐसा करके आप अनजाने में ही उन हेल्थ बेनिफिट्स से खुद को दूर कर रहे होते हैं जो रात को पैर धोकर बिस्तर पर सोने से मिलते हैं। जी हां, आपको शायद ही पता हो कि सिर्फ हाइजीन के लिए ही नहीं बल्कि सेहत से जुड़े फायदों का लाभ उठाने के लिए भी व्यक्ति को रात को पैर धोकर सोना चाहिए। ऐसे में आइए जानते हैं सेहत से जुड़े उन फायदों के बारे में जो व्यक्ति को रात को पैर धोकर सोने से मिलते हैं।
रात को पैर धोकर सोने से मिलते हैं ये फायदे-
पैरों की मांसपेशियों को मिलता है आराम-
दिनभर व्यक्ति के शरीर का पूरा भार उसके पैर उठाते हैं। जिसकी वजह से पैरों में अकड़न या ऐंठन जैसी समस्या का सामना करना पड़ जाता है। अगर आपको भी यह समस्या रहती है तो रात को सोने से पहले पैरों को धोकर ही बिस्तर पर जाएं। ऐसा करने से पैरों की मांसपेशियों को ही नहीं बल्कि जोड़ों के दर्द में भी आराम मिल सकता है।
एथलीट फुट की समस्या से राहत-
स्लीप डॉट कॉम में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, जिन लोगों को पैरों में अधिक पसीना आने की समस्या रहती है, जिसे हाइपरहाइड्रोसिस भी कहा जाता है, उन्हें रात में बिना पैर धोए नहीं सोना चाहिए। पैरों को धोकर सोने से बैक्टीरिया का विकास नहीं होता है, जिससे एथलीट फुट की समस्या कम करने में मदद मिलती है।
रिलैक्स-
दिन भर दौड़भाग करने से पैरों की मांसपेशियों, हड्डियों में दर्द रहने के साथ ही मसल्स में भी स्ट्रेस बना रहता है। रात को पैर धोकर सोने से व्यक्ति को दिमागी शांति मिलने के साथ वो रिलैक्स भी महसूस करता है। आयुर्वेद में भी रात को सोने से पहले पैरों को धोने की सलाह दी जाती है। ऐसा करने से ना सिर्फ अच्छी नींद आती है बल्कि व्यक्ति स्ट्रेस फ्री भी महसूस करता है।
ठीक बना रहता है शरीर का तापमान-
जिन लोगों को रात को गर्मी ज्यादा लगती है उन्हें भी रात को पैर धोकर सोना चाहिए। रात को सोने से पहले पैर धोने से शरीर का तापमान सामान्य बना रहता है।
पैरों की बदबू से राहत-
दिनभर मोजे पहने रखने से पैरों से बदबू आने लगती है। जिससे छुटकारा पाने के लिए
पैरों को जरूर धोना चाहिए। ऐसा करने से ना केवल पैरों में हवा लगती है बल्कि पैर भी फ्रेश महसूस करते हैं।
सोने से पहले पैर धोने का तरीका-
दिनभर की भागदौड़ के बाद रात को बिस्तर पर सोने से पहले आप अपने पैरों को साधारण पानी या फिर गुनगुने पानी से भी धो सकते हैं। इसके लिए आप आधी बाल्टी गुनगुने पानी में अपने पैरों को थोड़ी देर डुबोकर रखें। अब पानी से पैर निकालकर उन्हें अच्छी तरह पोंछकर उनपर तेल या क्रीम का इस्तेमाल करें। ऐसा करने से पैर फ्रेश बने रहने के साथ उनकी नमी भी बनी रहती है।
