लोकसभा चुनाव को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ताबड़तोड़ जनसभाएं कर रहे हैं। इसी क्रम में वह बुधवार को शाहजहांपुर और कानपुर में चुनावी जनसभा की। शाहजहांपुर के कांट में कांग्रेस और सपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस के नेताओं के चेहरे से हवा उड़ गई है। यह उनके हार का संकेत है। लोकसभा चुनाव रामभक्तों और रामद्रोहियों के बीच रह गया है। आज माफिया और अपराधियों को अपने खेवनहार बनाने वालों का हाल खराब है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने भाजपा सरकार की खूबियां गिनाते हुए कहा कि अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर और काशी में विश्वनाथ धाम बना। देश के 80 करोड़ लोग फ्री राशन योजना लाभान्वित हुए। देश के 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ मिला है। वहीं 12 करोड़ लोगों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। यपूपी में अब कर्फ्यू नहीं बल्कि कांवड़ यात्रा निकलती है। आज माफिया और अपराधी गले में तख्ती डालकर घूम रहे हैं। 2024 का चुनाव मोदी के नेतृत्व में नया इतिहास बनाने को उतावला दिख रहा है।
कानपुर में भी विपक्ष पर जमकर बरसे सीएम
कानपुर के घाटमपुर के पतारा कस्बे में बुधवार को जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विपक्ष पर खूब बरसे। उन्होंने यहां भी कहा कि इस बार चुनाव में रामभक्तों और रामद्रोहियों के बीच मुकाबला है। रामभक्त देशभक्त भी होते हैं और सभी जानते हैं कि पतन रामद्रोहियों का ही होता है। अकबरपुर लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह भोले के समर्थन में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि कानपुर पौराणिक शहर है यहां के लोग आजादी की लड़ाई में आगे रहे हैं।
विपक्ष को निशाने पर रखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि दलित और ओबीसी का आरक्षण काटकर मुस्लिमों को दे दिया जाए लेकिन भाजपा ऐसा होने नहीं देगी। कांग्रेस ने 2004 में यही किया था और सपा-बसपा ने बिना मांगे उसको समर्थन भी दिया था लेकिन सच्चर कमेटी ने धर्म के आधार पर आरक्षण का विरोध किया। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में मुस्लिमों को आरक्षण देने की बात कही है। प्रयागराज में उमेश पाल की हत्या के बाद हमने कहा था कि माफिया को मिट्टी में मिला देंगे और मिला भी दिया लेकिन सपाई उसकी कब्र पर फातिहा पढ़ने पहुंच गए। अब उत्तर प्रदेश में बेटी व व्यापारी के साथ कोई नजरें टेढ़ी नहीं कर सकता वर्ना उसे अंजाम भुगतना पड़ेगा। हम सिर्फ राममंदिर की स्थापना करना ही नहीं जानते, गुण्डे-माफिया का राम नाम सत्य करना भी जानते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले घाटमपुर क्षेत्र में कट्टे बिकते थे, अब यहां डिफेंस कारीडोर में तोप के गोले बनेंगे तब यूपी ही नहीं बल्कि कानपुर और घाटमपुर का नाम विदेशों में भी जाना जायेगा। अकबरपुर का नाम लेने में संकोच होता है। समय आयेगा तो गुलामी के अंशों को बदलेंगे। मुख्यमंत्री ने मंच से लोगों से पहले मतदान फिर जलपान की भी अपील की।
