देश भर में दिवाली के दीप अब जगमग होने शुरू हो गए हैं। इन दीपों के जलने से पहले ही रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन पर मां लक्ष्मी की कृपा ऐसी बरसी कि उनकी संपत्ति आज 3.3 अरब डॉलर बढ़कर 109 अरब डॉलर पर पहुंच गई। यानी आज मुकेश अंबानी की संपत्ति में करीब 29000 करोड़ का इजाफा हुआ है। फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक आज अंबानी दुनिया के अरबपतियों में 17वें नंबर पर हैं।
कैसे बढ़ी अंबानी की दौलत
दरअसल मजबूत तिमाही नतीजों के बाद आज अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों पर निवेशक टूट पड़े और स्टॉक 3.52 पर्सेंट की उड़ान भरकर 1466.80 रुपये पर बंद हुआ।
फोर्ब्स की इस लिस्ट में एलन मस्क 487.7 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ पहले नंबर पर हैं। दूसरे नंबर पर लैरी एलिसन हैं। इनके पास कुल 351.4 अरब डॉलर की संपत्ति है। मार्क जुकरबर्ग तीसरे नंबर पर हैं। इनकी कुल दौलत 245.6 अरब डॉलर है।
अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस के पास 226.8 अरब डॉलर की संपत्ति है। लैरी पेज पांचवें नंबर पर हैं और इनका नेटवर्थ 210.2 अरब डॉलर है। सर्गी ब्रिन की कुल संपत्ति 195 अरब डॉलर है। फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर इंडेक्स में ये छठे स्थान पर हैं। सातवें नंबर पर बर्नार्ड अर्नाल्ट हैं। इनकी कुल संपत्ति 182.9 अरब डॉलर है। 8वें स्थान पर काबिज जेनसेन हुआंग की कुल संपत्ति 159.1 अरब डॉलर है। 10वें नंबर पर निवेश गुरु वॉरेन बफे हैं। इनकी कुल दौलत 1470 अरब डॉलर है।
कैसे तय होती है अरबपतियों की रैंकिंग
फोर्ब्स की ‘रियल-टाइम बिलियनेयर्स’ रैंकिंग दुनिया के सबसे अमीर लोगों नेटवर्थ में डेली होने वाले उतार-चढ़ाव को दर्शाती है। यह संपत्ति-ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म उन सभी लोगों की कुल संपत्ति और रैंकिंग के बारे में लगातार अपडेट देता है, जिन्हें फोर्ब्स ने अरबपति माना है।
जिन लोगों की संपत्ति सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध कंपनियों (शेयर बाजार में) में निवेशित है, उनकी संपत्ति का मूल्य हर 5 मिनट में अपडेट होता है (जब शेयर बाजार खुला हो)। हालांकि, शेयरों की कीमतों में 15 मिनट की देरी हो सकती है।
जिन लोगों की अधिकांश संपत्ति निजी कंपनियों में बंधी है, उनकी कुल संपत्ति का आकलन केवल एक बार दिन में किया जाता है।
अगर किसी व्यक्ति की 20% या अधिक संपत्ति किसी निजी कंपनी में है, तो उस कंपनी के मूल्य का अनुमान उद्योग-विशेष या क्षेत्र-विशेष बाजार सूचकांक के आधार पर लगाया जाता है
