देश में कोरोना वायरस का नया वैरिएंट जेएन.1 के मामले सामने आने के बाद सरकार सतर्क हो गई है। केंद्र सरकार ने राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड के मामलों पर पैनी नजर रखने को कहा है। सर्द मौसम और नए साल के उत्सव आयोजनों के दौरान भीड़ जमा होने के संदर्भ में आम लोगों को संक्रमण से बचाव के उपायों का पालन करने को कहा गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी डॉक्टरों ने लोगों को मास्क पहनने, भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने और स्वस्थ आहार अपनाने की सलाह दी है। डॉक्टरों ने कोरोना के वैरिएंट जेएन.1 को लेकर लोगों से खास सावधानी बरतने को कहा है।
20 दिसंबर को समीक्षा बैठक करेंगे मंडाविया
सरकार के सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया 20 दिसंबर को स्वास्थ्य सुविधाओं और सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। मंडाविया बुधवार को सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों और अतिरिक्त मुख्य प्रधान सचिवों (स्वास्थ्य) और संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
लोगों में कैसे लक्षण
वहीं सीके बिड़ला अस्पताल में क्रिटिकल केयर और पल्मोनोलॉजी विभाग के प्रमुख कुलदीप कुमार ग्रोवर ने कहा कि सांस के अधिकांश मरीजों में कोविड संक्रमण से मिलते जुलते लक्षण नजर आते हैं। इनमें गले में खराश, नाक से पानी बहना जैसे लक्षण शामिल हैं।
लोगों में जाने से परहेज करने की सलाह
मेट्रो अस्पताल के वरिष्ठ सलाहकार सैबल चक्रवर्ती ने कहा कि क्रिसमस करीब है और नया साल भी दूर नहीं है। इन मौकों पर लोग बड़ी संख्या में जमा होते हैं। ऐसे में जब देश में कोरोना के नए वैरिएंट ने दस्तक दे दी है, लोगों को जितना संभव हो सके भीड़भाड़ से बचना चाहिए। लोगों को संतुलित और स्वस्थ आहार भी लेना चाहिए। हम अस्पताल आने वाले लोगों को मास्क पहनने, मरीजों को इनहेलर का इस्तेमाल करने और जितना संभव हो सके बाहर निकलने से बचने की सलाह दे रहे हैं।
