अगर आप शेयर बाजार में निवेश करते हैं, तो कल्याण ज्वेलर्स (Kalyan Jewellers) का नाम तो सुना ही होगा, जो आज काफी ज्यादा चर्चा में है। कंपनी के शेयर गुरुवार को करीब 17% से ज्यादा उछलकर इंट्राडे हाई पर पहुंच गए। इसकी सबसे बड़ी वजह कंपनी का शानदार बिजनेस अपडेट रहा। कल्याण ज्वेलर्स ने वित्त वर्ष 2026-27 (FY27) की पहली तिमाही में कंसोलिडेटेड रेवेन्यू में 38% सालाना (YoY) बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। मजबूत बिक्री और ग्राहकों की बढ़ती मांग ने कंपनी के प्रदर्शन को नई ऊंचाई दी है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
बिक्री में करीब 28% की बढ़ोतरी
कंपनी ने बताया कि अधिक मास (Adhik Maas) के पूरे 28 दिन पहली तिमाही में आने के बावजूद कारोबार पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। आमतौर पर अधिक मास के दौरान शादी-ब्याह से जुड़ी खरीदारी धीमी पड़ जाती है, लेकिन इसके बावजूद कंपनी के पुराने स्टोर्स (Same Store Sales) की बिक्री में करीब 28% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे साफ है कि ग्राहकों की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है।
‘Shine with India’ गोल्ड रीसाइक्लिंग अभियान
कल्याण ज्वेलर्स ने इस दौरान ‘Shine with India’ गोल्ड रीसाइक्लिंग कैंपेन भी शुरू किया। इस पहल का मकसद आयातित सोने पर निर्भरता कम करना और रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देना है। कंपनी के अनुसार, पहली तिमाही में कुल रेवेन्यू का 46% हिस्सा रीसाइक्लिंग वाले सोने से आया, जबकि जून महीने में यह आंकड़ा 55% तक पहुंच गया। इससे कंपनी की लागत कम करने और सस्टनेबल बिजनेस मॉडल बनाने में मदद मिलेगी।
मिडिल ईस्ट में करीब 30% बढ़ा रेवेन्यू
भारत के अलावा कंपनी का अंतरराष्ट्रीय कारोबार भी शानदार रहा। विदेशी बिजनेस में 35% की ग्रोथ दर्ज की गई, जबकि मिडिल ईस्ट में रेवेन्यू करीब 30% बढ़ा। हालांकि, अप्रैल में पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के कारण ग्राहकों की संख्या कुछ कम रही, फिर भी मजबूत बिक्री के दम पर कंपनी ने अच्छा प्रदर्शन किया। फिलहाल, कंपनी की कुल आय में अंतरराष्ट्रीय कारोबार की हिस्सेदारी लगभग 14% है।
112% बढ़ा Candere का रेवेन्यू
कंपनी का डिजिटल ज्वेलरी प्लेटफॉर्म Candere भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। पहली तिमाही में Candere का रेवेन्यू 112% बढ़ गया। इसी दौरान कंपनी ने भारत में 12 नए कल्याण ज्वेलर्स शोरूम और 5 नए Candere स्टोर खोले। 30 जून 2026 तक कंपनी के पास दुनियाभर में 524 शोरूम हो चुके हैं, जिनमें भारत, मिडिल ईस्ट, अमेरिका और ब्रिटेन शामिल हैं।
कंपनी का कहना है कि दूसरी तिमाही की शुरुआत भी सकारात्मक रही है। आने वाले त्योहारों और शादी के सीजन को देखते हुए नए कलेक्शन, मार्केटिंग कैंपेन और नए शोरूम लॉन्च किए जाएंगे, जिससे कारोबार में और तेजी आने की उम्मीद है।
कल्याण ज्वेलर्स के शेयरों में तेजी
कल्याण ज्वेलर्स के शेयरों में गुरुवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। खबर लिखे जाने तक कंपनी का शेयर करीब 16.20 % से ज्यादा उछलकर 434 .75 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
Citi ने दी ‘Buy’ रेटिंग
ग्लोबल ब्रोकरेज सिटी (Citi) भी कल्याण ज्वेलर्स को लेकर काफी बुलिश है। ब्रोकरेज ने शेयर पर ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹750 का टारगेट प्राइस दिया है, जो मौजूदा स्तर से 100% से अधिक की संभावित तेजी का संकेत देता है। सिटी का मानना है कि पहली तिमाही में कंपनी की 38% रेवेन्यू ग्रोथ उसके अनुमान से थोड़ी कम रही, लेकिन मजबूत बिजनेस मॉडल, फ्रेंचाइजी आधारित विस्तार और बेहतर रिटर्न ऑन कैपिटल (RoCE) की वजह से कंपनी की लंबी अवधि की ग्रोथ कहानी मजबूत बनी हुई है। यही कारण रहा कि कमजोर बाजार के बावजूद कल्याण ज्वेलर्स का शेयर जोरदार उछला और निवेशकों की पसंद बना।
हालांकि, शेयर में आज अच्छी तेजी देखने को मिली, लेकिन वर्ष 2026 में अब तक यह स्टॉक करीब 23% नीचे है। पिछले एक साल में इसमें 35% की गिरावट आई है। इसके बावजूद अगर तीन साल का रिकॉर्ड देखें तो इस शेयर ने निवेशकों को लगभग 130% का शानदार रिटर्न दिया है। ऐसे में मजबूत बिजनेस ग्रोथ और भविष्य की योजनाओं के कारण निवेशकों की नजर अब कल्याण ज्वेलर्स के अगले तिमाही नतीजों पर टिकी रहेगी।
