इजरायल-हमास संघर्ष विराम समझौता: शांति की दिशा में बड़ा कदम, 9 अक्टूबर 2025 से लागू हुआ समझौता

मुख्य समाचार राष्ट्रीय

दो वर्षों से चले आ रहे हमास-इजरायल संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सुझाई गई योजना के प्रथम चरण पर सहमति 9 अक्टूबर 2025 (गुरुवार) को लागू हो गई है। ट्रंप ने बुधवार की रात ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के माध्यम से घोषणा की कि दोनों पक्षों ने इस चरण पर हस्ताक्षर कर लिए हैं, जिसके फलस्वरूप गाजा में तुरंत युद्धविराम प्रभावी हो गया है।

काहिरा के स्थानीय समयानुसार दोपहर 12 बजे (भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे) से युद्धविराम शुरू हो चुका है। यह प्रारंभिक चरण छह सप्ताह तक चलेगा, जो आगे चलकर स्थायी शांति की दिशा में एक कदम साबित हो सकता है। हमास ने सभी शेष इजरायली बंधकों (लगभग 100 जीवित) की रिहाई पर सहमति दे दी है, जो शनिवार या रविवार (11-12 अक्टूबर) से आरंभ हो सकती है। इसके बदले में इजरायल 1950 से अधिक फिलिस्तीनी कैदियों को मुक्त करेगा, जिनमें कुछ आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं।

इसके अलावा गाजा में पांच मानवीय सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां भोजन, पानी, दवाइयां और अन्य वाणिज्यिक सामग्रियों की असीमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इजरायल ने सहायता सामग्री पर लगी पाबंदियों को शिथिल करने का आश्वासन दिया है। इजरायली सेना (IDF) अगले 24 घंटों के भीतर घनी आबादी वाले इलाकों से पीछे हट जाएगी और ‘येलो लाइन’ पर अपनी स्थिति मजबूत करेगी, जिससे गाजा का करीब 53 प्रतिशत क्षेत्र इजरायली नियंत्रण में बना रहेगा। बता दें कि यह समझौता मिस्र, कतर और तुर्की की मध्यस्थता में संपन्न हुआ।

इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि इजरायल और हमास दोनों ने गाजा शांति योजना के पहले चरण पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि इसका मतलब है कि सभी बंधकों को बहुत जल्द रिहा कर दिया जाएगा और इजरायल अपने सैनिकों को एक निश्चित सीमा पर वापस बुलाएगा, जो एक मजबूत, स्थायी और शाश्वत शांति की दिशा में पहला कदम होगा।

उन्होंने कतर, मिस्र और तुर्की के मध्यस्थों को इस ऐतिहासिक और अभूतपूर्व घटना के लिए धन्यवाद दिया। इससे पहले वाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि वह सप्ताह के अंत में किसी समय मध्य पूर्व की यात्रा कर सकते हैं।

गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, 7 अक्तूबर 2023 को युद्ध शुरू होने के बाद से इजरायली हवाई हमलों ने गाजा पट्टी को तबाह कर दिया है, जिससे व्यापक अकाल और विस्थापन हुआ है, और कम से कम 67183 लोग मारे गए हैं और 169841 अन्य घायल हुए हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *