इंडस्ट्रियल डीजल के दाम में 22 रुपये की बढ़ोतरी, अब कीमत 109.59 रुपये प्रति लीटर

मुख्य समाचार राष्ट्रीय व्यापार जगत

प्रीमियम पेट्रोल के बाद अब इंडस्ट्रियल डीजल की कीमतों में इजाफा किया गया है। पीटीआई की रिपोर्ट्स के अनुसार IOCL ने इंडस्ट्रियल डीजल का रेट बढ़ाकर 109.59 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। पहले इसका रेट 87.67 रुपये प्रति लीटर था। यानी कीमतों में 21.92 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। बता दें, इंडस्ट्रियल डीजल का रेट बढ़ाने का सीधा असर उन कंपनियों पर पड़ेगा जो अधिक डीजल खरीदती हैं।

कहां से होती है इंडस्ट्रियल डीजल की सप्लाई?

इंडस्ट्रियल डीजल की सप्लाई सामान्य पंप से नहीं होती है। यह सीधा कंपनी से कंपनी को जाता है। अधिक डीजल का प्रयोग करने वाली कंपनियों को अब ज्यादा पैसा खर्च करना होगा। आने वाले समय में इसका असर आम-आदमी की जेब पर भी पड़ेगा।

इंडस्ट्रियल डीजल महंगा होने की वजह से अब कंपनियों को इनपुट खर्च बढ़ेगा। जिससे उनके प्रोडक्ट्स की कीमतों में भी आने वाले समय में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में हुई है बढ़ोतरी

आज 20 मार्च को ही तेल कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में 2.09 रुपये से 2.35 रुपये का इजाफा किया है। हालांकि, सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अब भी कोई बदलाव देखने को नहीं मिला है। लेकिन जिस तरह कच्चे तेल की कीमतों में पिछले दिनों इजाफा हुआ है इससे कंपनियों पर दबाव काफी बढ़ा है। अगर युद्ध जल्द समाप्त नहीं हुआ तो आने वाले समय में सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

पेट्रोलियम मंत्रालय ने कीमतों के बढ़ाए जाने पर क्या कहा?

मीडिया से बातचीत के दौरान पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मिनिस्ट्री की ज्वाइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने कहा, “प्रीमियम कैटगरी में कुछ इजाफे की जानकारी है। लेकिन यह देश के कुल पेट्रोल बिक्री का 2 से 4 प्रतिशत के बराबर है।” उन्होंने कहा कि सामान्य लोगों के लिए कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।

अप्रैल 2022 से नहीं बढ़ा है पेट्रोल और डीजल का रेट

तेल कंपनियों ने सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों अप्रैल 2022 के बाद कोई इजाफा नहीं किया है। तब से कीमतें स्थिर हैं। पिछले कुछ दिनों से भले ही तेल कंपनियों के ऊपर दबाव बढ़ा हो। लेकिन वित्त वर्ष 2024 में 81000 करोड़ रुपये का प्रॉफिट तेल कंपनियों को हुआ था। IOCL, BPCL और HPCL ने सिर्फ दिसंबर तिमाही में ही 23743 करोड़ रुपये का लाभ कमाया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *