वॉशिंगटन,अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि इससे तीसरा विश्व युद्ध शुरू होने का खतरा है। पिछले महीने 25 हजार लोगों की मौत हुई है, जिसमें सैनिक और नागरिक, दोनों शामिल हैं। ट्रंप ने युद्ध को तत्काल रोकने के लिए कहा।
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, ”मैं चाहता हूं कि यह हत्याएं बंद हों। पिछले महीने पच्चीस हजार लोग मारे गए – सैनिक, ज्यादातर सैनिक, लेकिन कुछ आम लोग भी, जहां बम गिराए गए थे। लेकिन ज्यादातर, पिछले महीने 25,000 सैनिक मारे गए। मैं चाहता हूं कि यह सब बंद हो जाए।”
उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका यूक्रेन में युद्ध को रोकने के लिए बहुत मेहनत कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा, “इस तरह की चीजें तीसरे विश्व युद्ध में बदल जाती हैं। और मैंने यह दूसरे दिन कहा था। मैंने कहा था, आप जानते हैं, अगर हर कोई इस तरह के खेल खेलता रहेगा, तो तीसरा विश्व युद्ध शुरू हो जाएगा और हम ऐसा नहीं देखना चाहते।” उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि यूक्रेन में युद्ध का अमेरिका पर असल में कोई असर नहीं पड़ता जब तक कि यह कंट्रोल से बाहर न हो जाए।
डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका यूक्रेन में युद्ध में शामिल नहीं है, सिवाय इसे रोकने के लिए बातचीत के, और वह भी इसलिए क्योंकि लोग हमें वहां चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन और यूरोप दोनों चाहते हैं कि अमेरिका इसमें शामिल हो। यूक्रेन में युद्ध पर अमेरिका ने कितना खर्च किया, इस बारे में बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि पहले उन्होंने यूक्रेन को कुछ 300-350 बिलियन डॉलर दिए और बदले में कुछ नहीं मिला, जबकि उन्हें बदले में दुर्लभ धातु मिली, भले ही उन्होंने पैसे खर्च नहीं किए।
