दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को होली के अवसर पर महिलाओं और बेटियों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने ‘दिल्ली लखपति बेटी योजना’ का शुभारंभ किया। इस योजना का उद्देश्य है कि बेटियों को जन्म से लेकर ग्रेजुएशन तक वित्तीय सुरक्षा प्रदान की जाए। योजना के तहत ग्रेजुएशन पूरी करने वाली हर बेटी के खाते में सरकार 61,000 रुपये जमा करेगी। ये राशि मैच्योरिटी पर लगभग 1.25 लाख रुपये बन जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से दिल्ली की बेटियां ‘लखपति’ बनेंगी और उन्हें उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
128 करोड़ रुपए का प्रावधान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि ‘दिल्ली लखपति बेटी योजना’ के तहत बेटियों को जन्म से लेकर ग्रेजुएशन तक चरणबद्ध तरीके से कुल 61,000 रुपये सरकार द्वारा जमा किए जाएंगे। ये जमा राशि ब्याज सहित परिपक्व होने पर लगभग 1.25 लाख रुपये बन जाएगी। इस योजना के लिए बजट में 128 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि सभी योग्य बेटियों को वित्तीय सुरक्षा और उच्च शिक्षा के लिए पर्याप्त समर्थन मिल सके।
लखपति बिटिया योजना के तहत मिलने वाले लाभ
‘लखपति बिटिया योजना’ को ‘दिल्ली लाडली योजना’ से जोड़ा गया है, यानी बेटी के जन्म से ही उसके खाते में राशि जमा होना शुरू हो जाएगी। जन्म के समय 11,000 रुपये खाते में जमा किए जाएंगे। इसके बाद 12वीं तक की पढ़ाई के दौरान, पहले से लागू दिल्ली लाडली योजना के तहत चरणबद्ध राशि जमा होती रहेगी। नई व्यवस्था के तहत ग्रेजुएशन या डिप्लोमा पूरा करने पर 20,000 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। कुल मिलाकर सरकार द्वारा जमा की गई राशि 61,000 रुपये होगी, जो ब्याज सहित मैच्योरिटी पर लगभग 1.25 लाख रुपये बन जाएगी।
जन्म के वक्त 11,000 रुपये
पहली में एडमिशन पर 5,000 रुपये
6वीं, 9वीं, 10वीं और 12वीं में एडमिशन पर 5,000-5,000 रुपये प्रति चरण
ग्रेजुएशन या डिप्लोमा पूरा करने पर 20,000 रुपये
कुल लाभ (ब्याज सहित मैच्योरिटी पर) लगभग 1,00,000 रुपये
दिल्ली में किन बेटियों को मिलेगा योजना का लाभ
आय सीमा: लाभ केवल उन्हीं परिवारों को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से कम है।
यानी महीने की आय 10,000 रुपये या उससे कम होने पर ही बेटी इस योजना का लाभ उठा सकेगी।
निवास: आवेदक का दिल्ली में कम से कम 3 साल तक निवास होना जरूरी है।
टीकाकरण: बेटी का टीकाकरण सरकारी नियमों के अनुसार पूरा होना चाहिए।
बेटियों की संख्या: योजना का लाभ सिर्फ 2 बेटियों तक मिलेगा।
छूट: सरकारी या लाइसेंस प्राप्त देखभाल केंद्रों में रहने वाली बच्चियों के लिए कुछ शर्तों में छूट दी गई है।
लखपति बिटिया योजना के 1 लाख कब मिलेंगे
‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ में राशि प्राप्त करने की शर्तें और उम्र सीमा बेटी की 18 या 21 साल की उम्र पूरी होने पर जमा राशि मिलती है। अगर बेटी की 18 साल की उम्र से पहले शादी हो जाती है, तो योजना का लाभ नहीं मिलेगा। बेटी ने 12वीं पास, पॉलिटेक्निक या ITI कोर्स पूरा किया हो और उम्र 18 साल हो गई हो। यदि बेटी ने ग्रेजुएशन या डिप्लोमा पूरा किया है, तो राशि 21 साल की उम्र पूरी होने पर मिलेगी।
लखपति बिटिया योजना का फॉर्म कैसे भरा जाएगा
‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ के लिए आवेदन और जानकारी इस तरह से प्राप्त की जा सकती है: महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय: अपने जिले के कार्यालय में जाकर योजना की जानकारी और आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन: जल्द ही विभाग की वेबसाइट पर आवेदन लिंक उपलब्ध हो सकता है। e-District Portal: इस पोर्टल के जरिए भी आवेदन किया जा सकता है।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज:
दिल्ली का आधार कार्ड
बेटी के दिल्ली में जन्म का प्रमाण पत्र
आय प्रमाण पत्र
राशन कार्ड
अन्य योजनाएं
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए ‘सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड’ लॉन्च किया। सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड केवल यात्रा सुविधा के लिए नहीं है, बल्कि इसे ‘डिग्निटी कार्ड’ कहा गया है। यह प्रधानमंत्री के ‘वन नेशन, वन कार्ड’ विजन के अनुरूप है। कार्ड का उपयोग DTC बसों और अन्य सार्वजनिक परिवहन माध्यमों में किया जा सकेगा, जिससे महिलाओं को स्वतंत्रता, सुरक्षा, रोजगार और शिक्षा के अवसरों तक आसान पहुँच मिलेगी।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने रसोई में सम्मान और राहत सुनिश्चित करने के लिए कहा कि होली और दिवाली पर निःशुल्क गैस सिलेंडर देने के वादे को पूरा किया गया है। इसके तहत पात्र लाभार्थियों के खातों में राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए भेजी गई, जिससे महिलाओं को आर्थिक सहारा मिलेगा।
